मुंबई, चार मार्च (भाषा) सीमा शुल्क विभाग ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक सप्ताह के भीतर विभिन्न मामलों में 46 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ, विदेशी मुद्रा, सोना और रत्न जब्त किए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बैंकॉक से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे नौ यात्रियों से अलग-अलग मामलों में कुल 44.292 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया, जिसका बाजार मूल्य 44.292 करोड़ रुपये है।
उन्होंने बताया कि इन सभी यात्रियों को मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा 299 ग्राम मेथाक्वालोन (एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक मन:प्रभावी पदार्थ) भी जब्त किया गया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 74,75,000 रुपये है।
उन्होंने बताया कि पांच अलग-अलग मामलों में, सीमा शुल्क विभाग के कर्मियों ने 32,85,668 रुपये मूल्य की भारतीय और विदेशी मुद्रा, 94,97,300 रुपये मूल्य के हीरे, 160.790 ग्राम वजन के सोने के आभूषण आदि जब्त किये हैं ।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा रत्न भी बरामद किये गये हैं जिनकी कीमत 15 लाख रुपये से अधिक है।
भाषा रंजन सुभाष
सुभाष