राकांपा(शप) सांसदों को प्रधानमंत्री को महिला आरक्षण पर ‘इंडिया’ के रुख से अवगत कराना चाहिए:कांग्रेस

राकांपा(शप) सांसदों को प्रधानमंत्री को महिला आरक्षण पर ‘इंडिया’ के रुख से अवगत कराना चाहिए:कांग्रेस

राकांपा(शप) सांसदों को प्रधानमंत्री को महिला आरक्षण पर ‘इंडिया’ के रुख से अवगत कराना चाहिए:कांग्रेस
Modified Date: August 9, 2026 / 05:44 pm IST
Published Date: August 9, 2026 5:44 pm IST

मुंबई, नौ अगस्त (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रवक्ता सचिन सावंत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) के सांसदों से रविवार को आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के इस रुख से दृढ़ता से अवगत कराएं कि 2023 के महिला आरक्षण कानून को तुरंत लागू किया जाना चाहिए और इसे परिसीमन से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।

सावंत की यह टिप्पणी राकांपा (शप) की इस घोषणा के बाद आई कि पार्टी सांसद महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दे उठाने के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे।

केंद्र सरकार संसद के मौजूदा मानसून सत्र में उस संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए विपक्षी नेताओं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों से नये सिरे से संपर्क कर रही है, जिसमें 2029 में विधायिका में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने और लोकसभा सीट की संख्या बढ़ाकर 816 करने का प्रावधान किया गया है।

इस विधेयक को पिछले सत्र में संसद की मंजूरी नहीं मिली थी।

सावंत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का स्पष्ट रुख है कि 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक तुरंत लागू किया जाना चाहिए और इसे परिसीमन से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।”

उन्होंने राकांपा (शप) सांसदों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री के साथ बैठक के दौरान विपक्ष का रुख साफ करें।

सावंत ने इस मुद्दे पर ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों के बीच एकता बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, “यह जरूरी है कि इस मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की एकता और मोदी सरकार के खिलाफ उसका विरोध बिल्कुल साफ तौर पर जाहिर किया जाए।”

भाषा पारुल संतोष

संतोष


लेखक के बारे में