(अदिति खन्ना)
लंदन, 12 मई (भाषा) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने मंत्रिमंडल में असंतोष के बीच मंगलवार को पद पर बने रहने के अपने संकल्प को दोहराया। स्टॉर्मर की पार्टी के कुछ मंत्रियों द्वारा नेतृत्व परिवर्तन के लिए समय-सीमा तय करने की मांग के चलते बगावत जैसी स्थिति बनती दिख रही है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ में मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान स्टॉर्मर अपने रुख पर कायम रहे और सहयोगियों से कहा कि उनका इरादा ‘‘शासन-प्रशासन जारी रखने’’ का है। स्टॉर्मर ने कहा कि वह अपने नेतृत्व में लेबर पार्टी के स्थानीय चुनावों में खराब प्रदर्शन के बाद आगे बढ़ने और सरकार चलाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।
आवास मंत्री मियाता फानबुलेह के इस्तीफे के बाद दबाव और बढ़ने के बावजूद, स्टॉर्मर अपने रुख पर अडिग हैं। उन्होंने कहा कि लेबर पार्टी के नेता को चुनौती देने के लिए आवश्यक 20 प्रतिशत सांसदों का समर्थन अभी पूरा नहीं हुआ है।
स्टॉर्मर ने अपने मंत्रिमंडल से कहा, ‘‘जैसा कि मैंने कल कहा था, मैं इन चुनाव परिणामों की जिम्मेदारी लेता हूं, और मैं उस बदलाव को लाने की जिम्मेदारी लेता हूं जिसका हमने वादा किया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 48 घंटे सरकार के लिए अस्थिरता भरे रहे हैं, और इसका हमारे देश और परिवारों पर वास्तविक आर्थिक प्रभाव पड़ा है। लेबर पार्टी में नेता को चुनौती देने की प्रक्रिया है, लेकिन अभी तक उसे शुरू नहीं किया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देश हमसे शासन चलाने की उम्मीद करता है। मैं यही कर रहा हूं और मंत्रिमंडल के रूप में हमें यही करना चाहिए।’’
फानबुलेह ने स्टॉर्मर को लिखे त्यागपत्र में कहा, ‘‘हमारे देश के सामने बहुत बड़ी चुनौतियां हैं और लोग इस बदलाव के लिए आवश्यक व्यापक परिवर्तन की गुहार लगा रहे हैं। ना तो मुझे ना जनता को विश्वास है कि आप इस परिवर्तन का नेतृत्व कर सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, मैं आपसे आग्रह करती हूं कि आप देश और पार्टी के लिए सही काम करें और एक व्यवस्थित परिवर्तन के लिए एक समय सारणी निर्धारित करें ताकि एक नयी टीम देश से किए गए वादे के अनुसार बदलाव ला सके।’’
इस घटनाक्रम से पहले पूर्व इंडो-पैसिफिक मंत्री कैथरीन वेस्ट ने कहा था कि वह स्टॉर्मर पर सितंबर में नए नेता के चुनाव के लिए समय-सारणी निर्धारित करने का दबाव बनाने के लिए सांसदों से संपर्क कर रही हैं।
नेतृत्व चुनाव का मार्ग प्रशस्त करने के लिए लेबर पार्टी के कम से कम 81 सांसदों को सार्वजनिक रूप से चुनौती देनी होगी।
मीडिया की खबरों के अनुसार, गृह मंत्री शबाना महमूद और विदेश मंत्री यवेट कूपर सहित मंत्रिमंडल के कुछ वरिष्ठ मंत्री स्टॉर्मर के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उप प्रधानमंत्री डेविड लैमी और रक्षा मंत्री जॉन हीली जैसे अन्य नेता भी सुचारू सत्ता हस्तांतरण योजना के पक्ष में बताए जा रहे हैं।
स्टॉर्मर की जगह लेने की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे उम्मीदवारों में मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहैम, स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग और पूर्व उप प्रधानमंत्री एंजेला रेनर शामिल हैं।
तत्काल चुनाव से स्ट्रीटिंग को फायदा होगा, वहीं सितंबर में होने वाला चरणबद्ध चुनाव बर्नहैम के लिए लाभकारी होगा क्योंकि उन्हें सांसद चुने जाने से पहले उपचुनाव लड़ना होगा, फिर वह शीर्ष पद के लिए पात्र होंगे।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश