कफ सिरप बनाने वाली लगभग 90 प्रतिशत कंपनियों का ऑडिट किया गया : सीडीएससीओ अधिकारी

Ads

कफ सिरप बनाने वाली लगभग 90 प्रतिशत कंपनियों का ऑडिट किया गया : सीडीएससीओ अधिकारी

  •  
  • Publish Date - February 23, 2026 / 07:39 PM IST,
    Updated On - February 23, 2026 / 07:39 PM IST

मुंबई, 23 फरवरी (भाषा) केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने देश में लगभग 90 प्रतिशत कफ सिरप निर्माताओं का ऑडिट किया है और उसे उम्मीद है कि अगले सीजन तक कफ सिरप में मौजूद “गड़बड़ियों” को खत्म कर दिया जाएगा। एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यहां ‘ग्लोबल फार्मास्युटिकल क्वालिटी समिट’ के 11वें संस्करण में उन्होंने कहा कि संशोधित अच्छी विनिर्माण प्रथाओं और आवश्यकताओं के मानदंडों के तहत अब कंपनियों के संयंत्रों का ऑडिट राज्य और केंद्रीय नियामक, दोनों द्वारा किया जा रहा है।

भारत के औषधि महानियंत्रक राजीव सिंह रघुवंशी ने कहा, “हमने इस देश में कफ सिरप बनाने वाली 90 प्रतिशत से अधिक कंपनियों का ऑडिट किया। लगभग 1300 से अधिक निर्माता कफ सिरप का उत्पादन कर रहे थे, और अब तक हमने उनमें से 1250 का ऑडिट किया है, जिसमें हमने उनके कार्यस्थल पर जाकर निरीक्षण किया। जोखिम-आधारित निरीक्षण के अनुसार, हमने गंभीर अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई की।”

उन्होंने कहा, “हमारा मानना ​​है कि अगले सीजन से कफ सिरप निर्माण में व्याप्त गड़बड़ियां दूर हो जाएंगी और हम कफ सिरप निर्माण से जुड़ी समस्याओं से मुक्त हो जाएंगे।”

जोखिम आधारित निरीक्षण के बारे में उन्होंने कहा कि सीडीएसओ ने 1,250 साइटों का ऑडिट पूरा कर लिया है और गैर-अनुपालन की सीमा और गैर-अनुपालन के आधार पर कई कार्रवाई की गई हैं।

रघुवंशी ने कहा कि गुणवत्ता नियंत्रण और नियामक मानदंडों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के प्रयास में, अधिकारियों ने पिछले लगभग 10 महीनों में लगभग 850 सुधारात्मक एवं निवारक कार्रवाई (सीएपीए) नोटिस जारी किए हैं, लेकिन अभी तक किसी भी नोटिस पर कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप