ठाणे में हत्या के एक मामले में नौ साल से फरार आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

Ads

ठाणे में हत्या के एक मामले में नौ साल से फरार आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 11:50 AM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 11:50 AM IST

ठाणे, 21 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में हत्या के एक मामले में नौ साल से फरार आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मीरा भायंदर-वसई विरार के सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) मदन बल्लाल ने सोमवार को बताया कि कथित तौर पर भाड़े के हत्यारे और मुख्य आरोपी राजेश उर्फ ​​उत्तम मुनेश्वर रविदास (34) को 15 अप्रैल को झारखंड के हजारीबाग से पकड़ा गया।

उन्होंने बताया कि छह अप्रैल, 2017 को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के काशिमीरा पुलिस थाना क्षेत्र के मीरा गांव में कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने शामू लाहिड़ी गौड़ (40) की गोली मारकर हत्या कर दी।

अधिकारी के अनुसार, जांच के दौरान पता चला कि एक अन्य आरोपी सुनील कुमार राजक ने हत्या के एक मामले में जमानत के लिए 2015 में गौड़ से पांच लाख रुपये उधार लिए थे। गौड़ बार-बार पैसे वापस मांग रहा था, इसलिए राजक ने उसे खत्म करने के लिए रविदास को दो लाख रुपये में सुपारी दी।

बल्लाल ने बताया, ‘सुपारी लेने के बाद राजेश रविदास झारखंड से एक पिस्तौल और तीन साथियों के साथ मीरा रोड आया। टोह लेने के बाद उन्होंने गौड़ की कथित तौर पर हत्या कर दी।’

इसके बाद काशिमीरा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 120(बी) (आपराधिक साजिश) और 34 (साझा मंशा) तथा शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।

अधिकारी ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को पिछले महीने ठाणे की एक अदालत ने दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, लेकिन गोलीबारी करने वाला रविदास घटना के बाद से फरार था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह हजारीबाग में छिपा है। इसके बाद, पुलिस की एक टीम झारखंड गई और उस जगह पर नजर रखी गई जहां वह छिपा था। फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को इससे पहले झारखंड की तलैया पुलिस ने हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके लिए उसने कथित तौर पर 1.5 लाख रुपये की सुपारी ली थी।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा