ठाणे, तीन जुलाई (भाषा) ठाणे शहर में डेबिट कार्ड खो जाने की शिकायत दर्ज कराने पुलिस के पास पहुंची एक महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी का तबादला कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि 25 वर्षीय महिला जून के अंतिम सप्ताह में डेबिट कार्ड गुम होने की शिकायत दर्ज कराने चितलसर थाने पहुंची थी। वहां तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) राज पाटिल (55) ने उसे दूसरे थाने जाने के लिए कहा।
अधिकारी के अनुसार, बाद में पाटिल ने महिला से अपनी दोपहिया वाहन पर साथ चलने को कहा। आरोप है कि एएसआई उसे ठाणे शहर के अलग-अलग स्थानों पर ले गया, जहां उसने महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की।
अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 30 जून को आरोपी एएसआई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से उस पर हमला करना या बल प्रयोग करना) और धारा 75(1) (यौन उत्पीड़न) के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश