निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर पुणे के व्यक्ति से एक करोड़ रुपये की ठगी

Ads

निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर पुणे के व्यक्ति से एक करोड़ रुपये की ठगी

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 10:41 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 10:41 PM IST

मुंबई, 13 जुलाई (भाषा) पुणे निवासी एक व्यक्ति से एक गिरोह ने कथित तौर पर मोटे मुनाफे वाले निवेश का झांसा देकर एक करोड़ रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने पीड़ित को 30 दिनों के भीतर डेढ़ करोड़ रुपये का लाभ देने का लालच दिया था।

पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में सात से आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

एलटी मार्ग थाने के अधिकारी ने बताया कि पीड़ित मोहसिन मुलानी की मुलाकात एक परिचित ने आरोपी शुभम राउत से कराई थी। उस परिचित ने दावा किया था कि राउत ‘ट्रेड प्रॉफिट फंड’ नाम से एक बेहद मुनाफे वाली निवेश योजना चलाता है।

अधिकारी ने कहा, ‘राउत ने मुलानी को बताया कि न्यूनतम निवेश राशि एक करोड़ रुपये है, जो 30 दिनों में बढ़कर डेढ़ करोड़ रुपये हो जाएगी। राउत ने उसे निवेश की रसीदें और दस्तावेज भी दिखाए और दावा किया कि निवेशकों ने इस योजना में सामूहिक रूप से लगभग 30 करोड़ रुपये का निवेश किया है।’

उन्होंने बताया कि मुलानी ने एक करोड़ रुपये जुटाए और मई में राउत के कहने पर वह कालबादेवी पहुंचे, जहां आरोपी ने एक कूरियर कंपनी के कार्यालय में यह राशि ली और उन्हें एक रसीद दे दी।

अधिकारी ने कहा, ‘वादे के मुताबिक रकम कभी वापस नहीं मिली और आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर भुगतान टालना शुरू कर दिया। ठगी का अहसास होने पर मुलानी ने एलटी मार्ग पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।’

उन्होंने बताया कि राउत, तनवेश पाटिल, राजेंद्र सिंह, प्रकाश सिंह और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप

ताजा खबर