पुणे, नौ सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 28 वर्षीय एक युवक ने पुणे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। माना जा रहा है कि इसकी वजह लगभग 2.5 लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कृषिकेश रावले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मृतक की पहचान परांडा निवासी प्रथमेश देशमुख के रूप में हुई है। वह एमपीएससी परीक्षा की तैयारी के लिए पुणे के नवी पेठ इलाके में किराये के मकान में रह रहा था।
उन्होंने बताया कि वह सुबह कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया, जिसके बाद कुछ निवासियों ने पुलिस को सूचना दी।
डीसीपी ने बताया कि देशमुख अपने पीछे दो पन्नों का एक नोट छोड़ गया है, जिसमें उसने उन 18-19 लोगों के नाम और उनसे लिए गए कर्ज की रकम तथा लौटाई गई राशि का विवरण लिखा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाने के लिए उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है कि उसने पैसे क्यों उधार लिए थे और मामले की जांच जारी है।
रावले ने बताया कि आत्महत्या का सही समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
गौरतलब है कि मुंबई अपराध शाखा मार्च में आयोजित एमपीएससी औषधि निरीक्षक (ग्रुप-बी) प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच कर रही है।
भाषा
शुभम माधव
माधव