पुणे: रिपोर्टर बनकर किराना व्यापारी से पांच लाख रुपये की रंगदारी वसूलने के आरोप में चार गिरफ्तार

Ads

पुणे: रिपोर्टर बनकर किराना व्यापारी से पांच लाख रुपये की रंगदारी वसूलने के आरोप में चार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 26, 2022 / 05:14 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:44 PM IST

पुणे (महाराष्ट्र), 26 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र में पुणे शहर के एक किराना व्यापारी से एक प्रमुख अंग्रेजी दैनिक का रिपोर्टर बनकर कथित तौर पर पांच लाख रुपये की उगाही करने और व्यापारी को मिलावटी अनाज की बिक्री के बारे में खबर प्रकाशित करने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी के तीन सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

शहर के मुंढवा इलाके में किराना दुकान चलाने वाले तेजाराम देवासी ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।

आरोपी ने खुद को एक प्रतिष्ठित अंग्रेजी दैनिक के रिपोर्टर के रूप में पेश किया और अपने तीन सहयोगियों के साथ व्यापारी से संपर्क किया। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारी मिलावटी अनाज बेच रहा था।

मुंडवा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपियों ने देवासी को धमकी दी थी कि वह खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के अधिकारियों को बुलाएगा और एक समाचार प्रकाशित करके उसे बदनाम करेगा। उसके बाद उसने (कारोबारी से) 20 लाख रुपये की मांग की।’’

उन्होंने कहा कि व्यापारी ने आरोपी को पांच लाख रुपये का भुगतान किया, लेकिन बाद में पुलिस से संपर्क करके शिकायत दर्ज कराई थी।

मुंडवा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अजीत लकड़े ने कहा, ‘‘हमने भारतीय दंड संहिता की धारा 384 (जबरन वसूली) और अन्य के तहत मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी को उसके सहयोगियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।’’

भाषा सुरेश पवनेश

पवनेश