पुणे, 26 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले के पुरंदर तालुका में एक मशरूम इकाई की सेप्टिक टैंक की सफाई करने गए तीन मजदूरों की रविवार को कथित तौर जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा जेजुरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेलसर गांव में हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि एक मजदूर शाम 4:30 बजे सेप्टिक टैंक की सफाई करने के लिए उसमें उतरा था। जब वह बाहर नहीं निकला, तो दो और मजदूर एक के बाद एक कर अंदर गए।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब कोई भी मजदूर बाहर नहीं आया, तो स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें बचाने के लिए अर्थमूवर मशीन का इस्तेमाल करके टैंक को ढकन को तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि तीनों मजदूरों को जेजुरी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ‘मृत घोषित’ कर दिया।
मृतकों की पहचान पिंटू राजेश प्रसाद (23), व्यास सोहम कुमार (22) और गौतम रामसुरन कुशवाहा (36) के रूप में हुई है। तीन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे।
पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा धीरज देवेंद्र
देवेंद्र