रेलवे पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत एक महीने में 305 लापता बच्चों का पता लगाया

Ads

रेलवे पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत एक महीने में 305 लापता बच्चों का पता लगाया

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 12:11 AM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 12:11 AM IST

मुंबई, 13 मार्च (भाषा) रेलवे पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पिछले एक महीने में 305 लापता बच्चों का पता लगाया है, जिनमें से 247 बच्चों को उनके परिवारों से दोबारा मिलाया गया है। रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, रेलवे परिसर में अकेले यात्रा कर रहे या रह रहे लापता बच्चों को खोजने के लिए यह अभियान 20 जनवरी से 20 फरवरी के बीच चलाया गया।

उन्होंने बताया कि रेलवे पुलिस ने इस अभियान में मुंबई पुलिस के ‘निर्भया पथक’ की भी मदद ली।

रेलवे पुलिस के अधिकारी ने कहा, “ऑपरेशन मुस्कान-14 के दौरान कुल 305 बच्चों का पता लगाया गया। इनमें से 193 बच्चों को सीधे उनके परिवारों को सौंप दिया गया, जबकि 54 बच्चों को बाल गृहों के माध्यम से उनके माता-पिता से मिलवाया गया।”

उन्होंने बताया कि बाकी 58 बच्चों को फिलहाल बाल भवनों में रखा गया है, जहां उनकी पहचान और अन्य आवश्यक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान पुलिस ने 18 ऐसे बच्चों का भी पता लगाया जो पहले से पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज थे। इसके अलावा अपहरण के तीन पीड़ित बच्चों को भी ढूंढ निकाला गया।

अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि लापता बच्चों या महिलाओं से जुड़े मामलों में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) हेल्पलाइन नंबर 1512 पर तुरंत संपर्क करें।

भाषा रवि कांत प्रशांत

प्रशांत