बच्ची से दुष्कर्म व हत्या का मामला : उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की

Ads

बच्ची से दुष्कर्म व हत्या का मामला : उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 08:26 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 08:26 PM IST

मुंबई, दो मई (भाषा) महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने शनिवार को उस चार साल की बच्ची के परिवार से मुलाकात की, जिसकी पुणे जिले की भोर तहसील में 65 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद नृशंस तरीके से हत्या कर दी थी।

पवार ने पीड़ित परिवार को आरोपी के खिलाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और त्वरित सुनवाई का आश्वासन दिया।

उप मुख्यमंत्री ने इस वारदात को ‘चौंकाने वाला’ और ‘मानवता पर कलंक’ करार देते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय सुनिश्चित करेगी।

पवार के कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक, उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी इस मुद्दे पर बात की और त्वरित अदालती सुनवाई की मांग की, ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।

बयान में कहा गया है कि जल्द से जल्द आरोप पत्र दाखिल करने के निर्देश जारी किए गए हैं। एक विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया जाएगा और इस मामले में पॉक्सो (लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम के तहत कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की जाएगी।

पुणे जिले की प्रभारी मंत्री पवार ने अधिकारियों को सख्त एहतियाती उपाय करने का निर्देश दिया और चेतावनी दी कि ऐसे अपराधों के दोषियों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

पुलिस ने इस वारदात के खिलाफ इलाके में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच 65 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है।

पुलिस के अधिकारी ने बताया कि आरोपी पेशे से मजदूर है और कथित तौर पर शुक्रवार को उसने बच्ची को खाने का लालच देकर उसे एक पशु बाड़े में ले गया, जहां उसने उसका यौन उत्पीड़न किया और बाद में पत्थर से हमला कर उसकी नृशंस हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को एक निजी आवास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड तस्वीरों के आधार पर गिरफ्तार किया गया, जिसमें वह बच्ची के साथ नजर आया था। पुणे की सत्र न्यायालय ने उसे सात मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप