ठाणे, 26 मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पूरी तरह तबाह हुए गावदेवी सब्जी बाजार की पुनर्स्थापना का काम एक जून की शुरुआती समय-सीमा तक पूरा नहीं हो पाएगा। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पिछले बृहस्पतिवार को बाजार में भीषण आग लग गई थी और इसमें झुलसकर एक दमकल केंद्र अधिकारी और एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई थी, जबकि तीन दमकलकर्मी घायल हो गए थे।
ठाणे की महापौर शर्मिला पिंपोलकर ने महानगरपालिका के शीर्ष अधिकारियों और सदन के नेता हनुमंत जगदाले के साथ आज घटनास्थल का दौरा किया।
उपनगर आयुक्त मधुकर बोडके ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘मलबे को हटाने और जले हुए सामान की सफाई का काम पूरी क्षमता के साथ किया जा रहा है, जिसके लिए करीब 50 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। वास्तविक जीर्णोद्धार कार्य सफाई के बाद शुरू होगा। हालांकि, बड़े पैमाने पर तकनीकी काम को देखते हुए, दुकानों को बेहतर स्थिति में बहाल करने में और अधिक समय लगेगा।’
इस दौरान महापौर ने मृतक दमकल केंद्र अधिकारी सागर शिंदे और सुरक्षा गार्ड कालू गाडेकर के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि सौंपी। इसके साथ ही उन्होंने तीनों घायल दमकलकर्मियों को भी एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के पार्षद सीताराम राणे ने आरोप लगाया कि सब्जी बाजार परिसर में अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री के साथ संचालित हो रही कपड़े की अवैध दुकानों की अनदेखी की गई, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश