शिवसेना (उबाठा) सांसदों के शिवसेना में शामिल होने की खबरें निराधार: एकनाथ शिंदे

Ads

शिवसेना (उबाठा) सांसदों के शिवसेना में शामिल होने की खबरें निराधार: एकनाथ शिंदे

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 12:48 PM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 12:48 PM IST

मुंबई, 10 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (उबाठा) के सांसदों के उनकी पार्टी में शामिल होने की खबरों को खारिज करते हुए इन्हें निराधार बताया।

शिवसेना प्रमुख शिंदे ने एक बयान में कहा कि उनके और शिवसेना (उबाठा) के सांसदों के बीच कथित बैठक की खबरें भ्रामक हैं।

उन्होंने कहा, “अफवाहें फैलाई जा रही हैं कि शिवसेना (उबाठा) के सांसद दल-बदल कर शिवसेना में शामिल हो जाएंगे। ये पूरी तरह निराधार हैं और इनका उद्देश्य केवल सनसनी फैलाना है।”

शिंदे का यह बयान उन खबरों के बीच आया है, जिनमें दावा किया गया था कि उन्होंने ठाणे में शिवसेना (उबाठा) के सांसदों के साथ एक गुप्त बैठक की थी। यह भी चर्चा थी कि शिवसेना (उबाठा) का एक धड़ा टूटकर शिंदे गुट में शामिल हो सकता है।

शिवसेना (उबाठा) के कुल 10 सांसद हैं, जिनमें लोकसभा के नौ और राज्यसभा के एक सदस्य शामिल हैं।

साल 2022 में एकनाथ शिंदे ने बाल ठाकरे द्वारा स्थापित शिवसेना के भीतर बगावत की अगुवाई की और विधायकों के एक समूह के साथ उद्धव ठाकरे के नेतृत्व से अलग हो गए। इसके बाद उन्हें पार्टी का नाम और उसका चुनाव चिह्न ‘धनुष-बाण’ भी मिल गया।

जहां शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना राज्य में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन की सहयोगी है, वहीं उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उबाठा) विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी का हिस्सा है।

भाषा खारी वैभव

वैभव