मुंबई, आठ फरवरी (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के विधान परिषद सदस्य मिलिंद नार्वेकर ने अटल सेतु पर हेलीपैड और आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
अटल सेतु मुंबई और रायगढ़ जिले को जोड़ता है।
नार्वेकर ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हाल ही में हुए 33 घंटे के यातायात जाम का हवाला देते हुए यह मांग की।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे पत्र में नार्वेकर ने मुंबई और पुणे के बीच उच्च गति वाले सड़क मार्ग पर यातायात जाम का उल्लेख करते हुए बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में पहाड़ी खंडाला घाट खंड में अत्यधिक ज्वलनशील प्रोपलीन गैस ले जा रहा एक टैंकर पलट गया था।
एमएलसी ने बताया कि जब वह दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के परिवार से मिलने पुणे गए थे, तब वे भी एक्सप्रेसवे पर फंस गए थे।
उन्होंने कहा कि अटल सेतु (जिसे पहले मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक या एमटीएचएल के नाम से जाना जाता था) पर आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करना आवश्यक है।
नार्वेकर ने कहा कि अटल सेतु के निर्माण से मुंबई और नवी मुंबई के बीच यात्रा का समय घटकर मात्र 20 मिनट रह गया है, जिसके चलते समुद्री पुल पर वाहनों की आवाजाही में काफी वृद्धि हुई है।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अनुसार, अटल सेतु ने पिछले वर्ष में 83,06,009 वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाया।
उन्होंने एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना या प्राकृतिक आपदाओं जैसी स्थितियों से निपटने के लिए एक तत्काल आपातकालीन योजना की मांग की।
नार्वेकर ने कहा, ‘‘अटल सेतु पर तत्काल आपातकालीन योजना और हेलीपैड की व्यवस्था होनी चाहिए।’’
मुंबई के सेवरी को नवी मुंबई के चिरले से जोड़ने वाला अटल सेतु जनवरी 2024 में जनता के लिए खोल दिया गया था। इसकी कुल 21.8 किलोमीटर लंबाई में से 16.5 किलोमीटर समुद्र के ऊपर से गुजरता है।
इससे पहले, एक उद्योगपति ने कहा था कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भारी यातायात जाम के कारण आठ घंटे तक फंसे रहने के बाद वह हेलीकॉप्टर से पुणे वापस लौटे।
भाषा रविकांत रंजन
रंजन