बुलंदशहर (उप्र), आठ फरवरी (भाषा) बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में रविवार को चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा की बैटरी फटने से एक परिवार के पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना नेहरूपुर मोहल्ले में सुबह करीब पांच बजे हुई, जब घर में चार्ज की जा रही ई-रिक्शा की बैटरी अचानक फट गई और उसमें आग लग गई।
इलाके के निवासी पवन ने बताया कि विस्फोट के समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे और आग घर में फैलने से पांच लोग घायल हो गए।
घायलों की पहचान रोशन लाल, मीनाक्षी, रोहित कुमार, अंजलि और अंजलि के नवजात बेटे के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब