मुंबई, नौ जुलाई (भाषा) मुंबई में मूसलाधार बारिश भले ही शहर की रफ्तार धीमी कर दे लेकिन टेलीविजन उद्योग की घड़ी नहीं रुकती। हर दिन दर्शकों तक नया एपिसोड पहुंचाने की चुनौती के बीच शूटिंग का काम मौसम की मार के बावजूद लगातार जारी रहता है।
बारिश के दौरान जब शहर के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित होता है, तब फिल्म और टेलीविजन उद्योग से जुड़े हजारों कलाकारों और तकनीशियनों के लिए काम पर पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं होता। उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि उनके काम में ‘घर से काम करने का’ विकल्प नहीं होता और हर हाल में शूटिंग स्थल तक पहुंचना पड़ता है।
हाल में अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया जिसमें फिल्म सिटी स्थित ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन-5’ के सेट के बाहर जलभराव दिखाई दे रहा है।
वीडियो में करिश्मा कहती हैं, ‘‘दोस्तो, यह मेरी वैनिटी वैन के बाहर का नजारा है। आप अंदाजा लगा सकते हैं कि यहां क्या हाल है। ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ की टीम के समर्पण को देखिए।’’
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के महासचिव अशोक दुबे ने बताया कि मुंबई और उसके आसपास इस समय टेलीविजन धारावाहिकों के निर्माण से जुड़े पांच से सात हजार कर्मचारी काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान आने वाली बाधाओं से निपटने में निर्माताओं और कर्मचारियों के बीच आपसी समझ काफी मददगार साबित होती है।
दुबे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मानसून से जुड़े मौसम संबंधी अलर्ट को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी पहले से योजना बनाते हैं ताकि समय पर सेट पर पहुंच सकें। हालांकि, कई बार परिस्थितियां नियंत्रण से बाहर हो जाती हैं और देरी होती है। ऐसे में निर्माता भी इन मुश्किलों को समझते हैं।’’
रोज नए एपिसोड तैयार करने की समयसीमा और व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए निर्माता शूटिंग की योजना में बदलाव करते हैं, बाहरी दृश्यों की जगह अंदर शूटिंग करते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि काम प्रभावित न हो।
‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ और ‘अनुपमा’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों के निर्माता राजन शाही ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह पहली बार नहीं है कि हम रोजाना प्रसारित होने वाले धारावाहिकों की शूटिंग कर रहे हैं और न ही पहली बार मुंबई में बारिश तथा जलभराव की स्थिति बनी है। हम कई तरह की सावधानियां बरतते हैं। इस दौरान बाहरी स्थानों पर शूटिंग से बचते हैं या फिर दृश्यों में बदलाव कर उनकी शूटिंग स्टूडियो के अंदर करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें लचीला रुख अपनाना पड़ता है और यह भी ध्यान रखना होता है कि बारिश के कारण लोग रास्ते में फंस सकते हैं। इसी के अनुसार शूटिंग का कार्यक्रम तय किया जाता है।’’
पहले से की गई योजना के कारण अधिकतर शूटिंग जारी रहती है। हालांकि, मौसम को देखते हुए शूटिंग कार्यक्रम और दृश्यों में आवश्यक बदलाव किए जाते हैं।
इस समय ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’, ‘अनुपमा’, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’, ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ सहित कई धारावाहिकों की शूटिंग मुख्य रूप से स्टूडियो के अंदर बने सेटों पर हो रही है।
वहीं, ‘इंडियन आइडल’, ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ और नेटफ्लिक्स के शो ‘लॉक अप 2’ जैसे रियलिटी कार्यक्रमों का निर्माण भी जारी है।
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के अध्यक्ष बी. एन. तिवारी के अनुसार, बारिश का टेलीविजन धारावाहिकों की शूटिंग पर बहुत अधिक असर नहीं पड़ा है।
तिवारी ने कहा, ‘‘टेलीविजन धारावाहिकों की शूटिंग आमतौर पर फिल्मसिटी या स्टूडियो में की जाती है। बारिश के बावजूद शूटिंग जारी है।’’
कलर्स टीवी के धारावाहिक ‘सहर होने को है’ की टीम के लिए बारिश के दौरान सुरक्षित माहौल में शूटिंग सुनिश्चित करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। धारावाहिक में ‘सहर’ की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री भाविका शर्मा ने कहा कि सेट पर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘निर्माता और चैनल केवल कलाकारों ही नहीं, बल्कि पूरी यूनिट की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सराहनीय काम कर रहे हैं।’’
शो की मुख्य अदाकारा भाविका शर्मा ने कहा, ‘‘सेट पर रोशनी और बिजली के तारों से जुड़ा काफी काम होता है। ऐसे में संबंधित कर्मचारियों को दस्ताने और उपयुक्त जूते उपलब्ध कराए जाते हैं, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।’’
‘मिस्टर एंड मिसेज परशुराम’ के अभिनेता नील भट्ट ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण उनकी टीम को एक बाहरी दृश्य की शूटिंग की योजना में बदलाव करना पड़ा।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमने मुंबई के एक हेलीपैड पर मनाली जैसा दृश्य तैयार कर उसकी शूटिंग करने की योजना बनाई थी। मौसम में सुधार की उम्मीद में चार दिन तक शूटिंग टाली गई लेकिन जब हालात नहीं बदले तो वही सेट स्टूडियो के अंदर तैयार किया गया। कार्यक्रम को और आगे नहीं बढ़ाया जा सकता था, इसलिए विशेष रूप से तैयार की गई पृष्ठभूमि और प्रकाश व्यवस्था के जरिए वही माहौल बनाया गया।’’
भट्ट ने कहा, ‘‘रोजाना प्रसारित होने वाले धारावाहिकों में शूटिंग रोकना संभव नहीं होता। बारिश के कारण किसी शिफ्ट में देरी हुई या कार्यक्रम में फेरबदल करना पड़ा, लेकिन एक भी दिन की शूटिंग रद्द नहीं की गई।’’
हालांकि, कई बार बारिश निर्माताओं के लिए फायदेमंद भी साबित होती है।
‘सैराब’ की शूटिंग कर रहीं अभिनेत्री मदिराक्षी मुंडले ने बताया कि उनकी टीम ने हाल ही में जुहू बीच पर एक रोमांटिक दृश्य की शूटिंग की।
उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई के मानसून का अपना एक अलग आकर्षण है, जिसे कृत्रिम तरीके से तैयार नहीं किया जा सकता। हमें वास्तविक बारिश के बीच इस दृश्य की शूटिंग करने का अवसर मिला।’’
भाषा
राखी नरेश
नरेश