कृति सैनन के परिधान पर तंज कसने के लिए सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने कंगना की आलोचना की

Ads

कृति सैनन के परिधान पर तंज कसने के लिए सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने कंगना की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - August 28, 2026 / 06:15 PM IST,
    Updated On - August 28, 2026 / 06:15 PM IST

मुंबई, 28 अगस्त (भाषा) राखी के एक विज्ञापन में पहने गए परिधान के लिए कंगना रनौत द्वारा अभिनेत्री कृति सैनन पर तंज कसने के कुछ ही दिनों बाद, सोशल मीडिया पर उपयोगकर्ताओं ने भाजपा सांसद के ‘‘पाखंड’’ को उजागर करने के लिए उनकी पुरानी तस्वीरें साझा कीं।

मंगलवार को अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने विज्ञापन में सैनन के परिधान पर निशाना साधा। इस विज्ञापन में सैनन ‘ब्रालेट-स्कर्ट कॉम्बिनेशन’ और उसके साथ केप पहनकर राखी बांधती नजर आ रही हैं। रनौत ने उनके कपड़ों को ‘‘जानबूझकर असहज करने वाला’’ बताया। आलोचना के बाद विज्ञापन जारी करने वाले आभूषण ब्रांड ने विज्ञापन वापस ले लिया है।

कई मुद्दों पर कथित भड़काऊ बयान देने के लिए मशहूर कंगना रनौत की इस टिप्पणी पर तीखी आलोचनाओं की बौछार हुई।

कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने पिछले वर्षों में रनौत के अलग-अलग परिधान वाली तस्वीरों को ढूंढ़ निकाला, जिनमें से एक में वह राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह के लिए ‘स्ट्रैपलेस गाउन’ पहने हुए हैं, दूसरे में आभूषण ब्रांड के राखी विज्ञापन के लिए वैसे ही परिधान में दिख रही हैं और दिवाली के दौरान लहंगा-चोली पहने हुए हैं।

सोशल मीडिया के एक उपयोगकर्ता ने कंगना की तस्वीरों का कोलाज साझा करते हुए कहा, ‘‘इंटरनेट कभी कुछ नहीं भूलता।’’

एक उपयोगकर्ता ने पोस्ट में कहा, ‘‘दूसरी महिलाओं के कपड़ों पर नैतिक पहरेदारी करने से पहले याद रखें कि गूगल पर आपके बारे में बहुत कुछ मौजूद है।’’

एक अन्य व्यक्ति ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कंगना को किसी के पहनावे की आलोचना करने का कोई हक नहीं है, क्योंकि उन्होंने खुद अपने करियर के दौरान कई बार ऐसे कपड़े पहने हैं जिनमें शरीर का काफी हिस्सा दिखता है।

भाषा शफीक माधव

माधव