ठाणे: फ्लैट में घरेलू सहायिका मृत पाई गई, पुलिस को हत्या का संदेह

Ads

ठाणे: फ्लैट में घरेलू सहायिका मृत पाई गई, पुलिस को हत्या का संदेह

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 03:15 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 03:15 PM IST

ठाणे, 26 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक फ्लैट में काम करने वाली 40 वर्षीय घरेलू सहायिका मृत पाई गई। पुलिस को संदेह है कि यह हत्या का मामला है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम को मीरा रोड इलाके में एक आवासीय सोसायटी में स्थित फ्लैट के अंदर महिला खून से लथपथ पड़ी मिली। इस फ्लैट में दो पुरुष रहते थे।

अधिकारियों ने बताया कि महिला घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी और घर की चाबियां उसके पास भी रहती थीं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले गई।

मीरा रोड पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘महिला के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। उसका शव उसी फ्लैट के अंदर मिला, जहां वह काम करती थी। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है और जांचकर्ता विभिन्न पहलुओं से पड़ताल कर रहे हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘हम इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पड़ोसियों और सोसायटी के अन्य निवासियों के बयान दर्ज कर रहे हैं।’

भाषा तान्या शोभना

शोभना