मुंबई में शोभायात्रा के दौरान झड़प में बजरंग दल के तीन सदस्य घायल, दंगाइयों के घर ध्वस्त

Ads

मुंबई में शोभायात्रा के दौरान झड़प में बजरंग दल के तीन सदस्य घायल, दंगाइयों के घर ध्वस्त

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 08:10 PM IST

मुंबई, छह अप्रैल (भाषा) मुंबई के गोरेगांव इलाके में शोभायात्रा के दौरान दो समूहों के बीच हिंसक झड़प में बजरंग दल के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, उपनगर गोरेगांव के डिंडोशी-संतोष नगर इलाके में रविवार रात हुई हिंसा के संबंध में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नगर निकाय ने सोमवार सुबह कुछ आरोपियों से जुड़े “अवैध” मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।

खबरों के मुताबिक, शोभायात्रा के दौरान तेज आवाज में धार्मिक गीत बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद झड़प शुरू हुई, जो बाद में दोनों गुटों के बीच बड़े पैमाने पर मारपीट में बदल गई।

पुलिस के अनुसार, इस झड़प में तलवार और लोहे की छड़ों जैसे हथियारों का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस ने बताया कि इस झड़प में बजरंग दल के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका जोगेश्वरी ट्रॉमा केयर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

उसने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

घटना के बाद, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कुछ आरोपियों के मकानों को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि ये ‘अवैध’ निर्माण थे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को पहले मिली शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि इलाके में भारी संख्या में पुलिस के जवान और नगर निकाय अधिकारी तैनात हैं और स्थिति नियंत्रण में है।

भाषा राखी अविनाश

अविनाश