एमवीए में खींचतान: शिवसेना (उबाठा) के बाद कांग्रेस ने महाराष्ट्र की राज्यसभा सीट पर दावा किया

Ads

एमवीए में खींचतान: शिवसेना (उबाठा) के बाद कांग्रेस ने महाराष्ट्र की राज्यसभा सीट पर दावा किया

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 04:39 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 04:39 PM IST

मुंबई, 26 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी (एमवीए) की जीत वाली एकमात्र राज्यसभा सीट पर गठबंधन के घटक दलों के बीच खींचतान जारी है। कांग्रेस ने राष्ट्रीय दल का दर्जा प्राप्त होने का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को इस सीट पर दावा किया, जबकि कुछ ही दिन पहले शिवसेना (उबाठा) ने इस सीट पर अपना ‘‘पहला अधिकार’’ जताया था।

कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उबाठा) के गठबंधन एमवीए के वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को यहां आगामी राज्यसभा चुनाव और सीट आवंटन पर विचार-विमर्श करने के लिए एक बैठक की।

बैठक के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने पत्रकारों से कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते कांग्रेस ने प्रस्ताव रखा है कि राज्यसभा सीट उसे दिया जाए।

उन्होंने कहा कि राकांपा (शप) अपने पार्टी आला कमान से परामर्श करेगी, जबकि शिवसेना (उबाठा) भी अपना रुख स्पष्ट करेगी।

वडेट्टीवार ने भरोसा जताया कि राज्यसभा और महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए सीट बंटवारे का मुद्दा बातचीत के माध्यम से हल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी दल अपने-अपने नेतृत्व के साथ परामर्श करेंगे, जिसके बाद ही अंतिम निर्णय पर पहुंचा जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘वैसे तो शिवसेना (उबाठा) और कांग्रेस दोनों ने इस सीट पर दावा किया है, लेकिन एमवीए एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी। तीनों पार्टियों की सहमति से ही उम्मीदवार का चयन किया जाएगा।’’

उन्होंने बताया कि राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पांच मार्च तक दाखिल किए जा सकते हैं और गठबंधन सहयोगियों से चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

वडेट्टीवार ने कहा कि अगर गठबंधन साथ मिलकर चुनाव लड़ता है तो एमवीए की जीत निश्चित है।

नासिक जिले के मालेगांव कस्बे में नगर निगम कार्यालय के अंदर कथित तौर पर नमाज अदा करने की घटना के बारे में पूछे जाने पर वडेट्टीवार ने कहा कि सड़कों पर इस तरह के कार्य नहीं किए जाने चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि रमजान के दौरान रोजा रखने वालों के लिए समय पर नमाज अदा करना महत्वपूर्ण होता है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे का अनावश्यक रूप से राजनीतिकरण किया जा रहा है और समाज को धार्मिक आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है।

अप्रैल में, राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (उबाठा) नेता प्रियंका चतुर्वेदी, राकांपा (शप) की फौजिया खान, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई-अठावले) के रामदास अठावले, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भागवत कराड, कांग्रेस की रजनी पाटिल और राकांपा के धैर्यशील पाटिल का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।

भाषा सुरभि रंजन

रंजन