बारिश के बाद अंधेरी ‘सबवे’ में पानी भरने को लेकर वर्षा गायकवाड़ ने बीएमसी की आलोचना की

Ads

बारिश के बाद अंधेरी 'सबवे' में पानी भरने को लेकर वर्षा गायकवाड़ ने बीएमसी की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 03:22 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 03:22 PM IST

मुंबई, तीन जून (भाषा) मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने बुधवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका की आलोचना करते हुए कहा कि हल्की बारिश के बाद अंधेरी ‘सबवे’ में पानी भरने से मानसून की तैयारियों को लेकर इसके दावे झूठे साबित हुए हैं।

गायकवाड़ ने कहा कि अभी मानसून ने दस्तक भी नहीं दी है, लेकिन थोड़ी ही बारिश के बाद पश्चिमी उपनगरों में स्थित ‘सबवे’ (भूमिगत मार्ग) पानी में डूब गया।

अंधेरी सबवे महानगर के उन इलाकों में से एक है जहां हर साल नियमित रूप से पानी भर जाता है।

गायकवाड़ ने कहा कि नालों की गाद निकालने और जल निकासी व्यवस्था के रखरखाव पर करोड़ों रुपये खर्च करने के महानगरपालिका के दावों की पोल मौसम की पहली बारिश ने ही खोल दी।

उन्होंने पूछा, ‘अगर हल्की बारिश के बाद यह स्थिति है तो भारी मानसूनी बारिश के दौरान मुंबई के निवासियों को क्या सामना करना पड़ेगा?’

भाषा शुभम रंजन

रंजन