मुंबई, 22 सितंबर (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मुंबई के खुदकुशी करने वाले छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता ने मंगलवार को कहा कि उन्हें प्रशासन और संविधान पर इस बात का भरोसा है कि उनके बेटे को न्याय मिलेगा।
साहिल के पिता रवींद्र वाकोडे ने कहा, “इस मामले में आरोपी से पूछताछ होनी चाहिए और उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए। गिरफ्तारी के बाद ही सब कुछ सामने आएगा।” उन्होंने कहा, “साहिल एक होनहार छात्र था। जेईई एडवांस्ड परीक्षा पास करना कोई मामूली उपलब्धि नहीं है। उसकी अखिल भारतीय रैंक देखिए।”
उन्होंने कहा कि जेईई एडवांस्ड परीक्षा में उसके नकल करने के आरोप बेबुनियाद हैं। यह मामले से ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने मांग की कि इस मामले के आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
साहिल (22) की मां सोनाली वाकोडे ने पत्रकारों से कहा, “मैं एक मां और एक शिक्षिका हूं। मैंने अपना बच्चा खो दिया है, और केवल एक मां ही समझ सकती है कि मैं कितना दर्द सह रही हूं।” उन्होंने कहा, “कृपया यह सुनिश्चित करें कि उसे न्याय मिले। मैं जानती हूं कि मेरा बच्चा कितना होनहार था। मैं आप सभी से हाथ जोड़कर अपील करती हूं और विनती करती हूं कि मेरे बच्चे को न्याय दिलाएं।”
उन्होंने कहा, “साहिल ने हमें बताया था कि उसे प्रताड़ित किया जा रहा है और जातिसूचक गालियां दी जा रही हैं। हम उसे लगातार यही कहते रहे कि भविष्य बहुत अच्छा होगा। शायद यही हमारी गलती थी। अगर हम उस दिन उसे अपने साथ ले गए होते, तो मेरा बच्चा आज जिंदा होता।”
ऊर्जा विज्ञान और इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र वाकोडे 18 सितंबर की शाम पवई परिसर स्थित अपने छात्रावास के कमरे में मृत पाया गया था। अधिकारियों के अनुसार, इससे कुछ घंटे पहले परीक्षा के दौरान उसे कथित रूप से मोबाइल फोन के जरिये चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश