एआईएफएफ ने यूनिटी कप के लिए आखिरी मिनट में पांच खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया

Ads

एआईएफएफ ने यूनिटी कप के लिए आखिरी मिनट में पांच खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 12:01 AM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 12:01 AM IST

नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने लंदन में 27 मई से शुरू हो रहे यूनिटी कप के लिए राष्ट्रीय टीम में आखिरी मिनट में पांच खिलाड़ियों को शामिल किया है। यह फैसला तब लिया गया जब मोहन बागान सुपर जायंट्स ने शुरुआती टीम से अपने सभी सात खिलाड़ियों को वापस बुला लिया।

मोहन बागान के खिलाड़ियों के बिना 18 सदस्यों वाली एक टीम रविवार सुबह लंदन के लिए रवाना हो गई है और एआईएफएफ इन पांच खिलाड़ियों के वीजा की प्रक्रिया को तेज करने की कोशिश कर रहा है।

अगर इन पांच खिलाड़ियों को सोमवार तक वीजा नहीं मिलता है तो बुधवार को जमैका के खिलाफ होने वाले पहले मैच में उनका खेलना मुश्किल हो सकता है।

ये पांच खिलाड़ी जमशेदपुर एफसी के मिडफील्डर मोहम्मद सनन कुंडोई, बेंगलुरु एफसी के रिकी मीतेई हाओबाम और फनाई लालरेमतलुआंगा, मुंबई सिटी एफसी के फॉरवर्ड विक्रम प्रताप सिंह और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के मिडफील्डर मैकार्टन लुइस निक्सन।

एआईएफएफ के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, ‘‘हम कुछ नए खिलाड़ियों के वीजा की प्रक्रिया तेज करने की कोशिश कर रहे हैं, बाकी खिलाड़ी रवाना हो चुके हैं। ’’

भारत का दूसरा और आखिरी मैच 30 मई को होगा।

शनिवार को मोहन बागान ने चार देशों के इस टूर्नामेंट के लिए भारत की टीम से सात खिलाड़ियों को वापस बुला लिया था। उन्होंने इसका कारण एआईएफएफ के पिछले रवैये को बताया जिसमें महासंघ ने फीफा इंटरनेशनल विंडो (जो एक से नौ जून के बीच होती है) के बाहर खेले गए मैचों के दौरान खिलाड़ियों को लगी चोटों के लिए मुआवजा देने से इनकार कर दिया था।

भाषा नमिता

नमिता