अन्नू, शहनवाज और नित्या एशियाई खेलों की भारतीय एथलेटिक्स टीम से बाहर

अन्नू, शहनवाज और नित्या एशियाई खेलों की भारतीय एथलेटिक्स टीम से बाहर

अन्नू, शहनवाज और नित्या एशियाई खेलों की भारतीय एथलेटिक्स टीम से बाहर
Modified Date: September 11, 2026 / 08:53 pm IST
Published Date: September 11, 2026 8:53 pm IST

नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) पिछली बार की स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी, उभरते हुए लंबी कूद एथलीट शहनवाज खान और धाविका नित्या गांधे को प्रदर्शन और चिकित्सकीय कारणों के चलते भारत की एशियाई खेलों की एथलेटिक्स टीम से बाहर कर दिया गया है।

इसके साथ ही जापान जाने वाली भारतीय ट्रैक एवं फील्ड टीम की संख्या घटकर 74 रह गई है।

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने इससे पहले आगामी एशियाई खेलों के लिए 77 एथलीटों का चयन किया था। बृहस्तिवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज फाइनल के बाद टीम में बदलाव किया गया। इस प्रतियोगिता को अंतिम पुष्टि के लिए चयन ट्रायल के तौर पर आयोजित किया गया था।

एएफआई चयन समिति के अध्यक्ष अदिल सुमरिवाला ने पीटीआई से कहा, ‘‘अन्नू ने बृहस्पतिवार को हुए अंतिम ट्रायल में एएफआई द्वारा निर्धारित क्वालीफाइंग मार्क हासिल नहीं किया, इसलिए उन्हें एशियाई खेलों के लिए नहीं चुना गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नित्या और शहनवाज खराब प्रदर्शन और चिकित्सकीय कारणों से एशियाई खेलों में नहीं जाएंगे।’’

तीनों खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने का फैसला शुक्रवार को एएफआई चयन समिति की ऑनलाइन बैठक में लिया गया।

अब भारतीय एथलेटिक्स टीम के 74 सदस्य शनिवार को नयी दिल्ली से जापान के लिए रवाना होंगे।

भाषा

आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में