एडीलेड, 10 दिसंबर (एपी) ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को यहां दिन-रात्रि के दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन पहले सत्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली पारी में 297 रन की बढ़त बनाने के बावजूद फॉलोआन नहीं देने का फैसला किया।
ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी के सात विकेट पर 511 रन पर पारी घोषित करने के जवाब में वेस्टइंडीज ने दिन की शुरुआत चार विकेट पर 102 रन से की। वेस्टइंडीज ने इसके बाद दो घंटे में अपने बाकी बचे छह विकेट भी गंवा दिए और पूरी टीम पहले ब्रेक से पूर्व 214 रन पर सिमट गई।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने 57 रन पर तीन विकेट चटकाए और एडीलेड ओवल पर दिग्गज स्पिनर शेन वार्न को पछाड़कर सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गए।
तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क (48 रन पर दो विकेट) ने भी दो विकेट हासिल किए। जेसन होल्डर को खाता खोले बिना विकेट के पीछे कैच कराने के बाद रोस्टन चेज (34) को पवेलियन भेजकर पारी का अंत किया।
वेस्टइंडीज के दो बल्लेबाज पहले सत्र में रन आउट भी हुए।
टीम को तेगनारायण चंद्रपाल (47) से काफी उम्मीद थी लेकिन वह दिन की चौथी गेंद पर ही स्टार्क के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए। एंडरसन फिलिप ने भी 43 रन का योगदान दिया लेकिन उनकी पारी का अंत भी रन आउट होने से हुआ।
एपी सुधीर पंत
पंत