ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम इंग्लैंड को हराकर सातवीं बार टी20 विश्व कप चैंपियन बनी
ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम इंग्लैंड को हराकर सातवीं बार टी20 विश्व कप चैंपियन बनी
लंदन, पांच जुलाई (भाषा) ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी (64 रन) के अर्धशतक और फोबे लिचफील्ड (48 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी से रविवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को 17 गेंद रहते सात विकेट से शिकस्त देकर सातवां खिताब अपने नाम किया।
मूनी ने 49 गेंद का सामना करते हुए 10 चौके जमाए जबकि लिचफील्ड ने 13वें ओवर की अंतिम गेंद पर आउट होने से पहले 35 गेंद की तेज तर्रार पारी के दौरान छह चौके और दो छक्के जड़े।
इससे ऑस्ट्रेलिया ने 151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 17.1 ओवर में तीन विकेट पर 153 रन बनाकर आसान जीत हासिल की।
मूनी और लिचफील्ड ने जॉर्जिया वोल (09) के दूसरे ओवर में लॉरेन बेल की गेंद पर बोल्ड होने के बाद जिम्मेदारी से खेलते हुए इंग्लैंड की गेंदबाजों के खिलाफ आराम से रन जुटाते हुए 67 गेंद में शतकीय भागीदारी निभाई।
पर 13वें ओवर में चार्ली डीन की अंतिम गेंद पर लिचफील्ड के लेग स्टंप उखड़ गए जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 117 रन पर दूसरा विकेट गंवाया। उनके आउट होने से पहले मूनी ने 38 गेंद में सात चौके की मदद से अपना पचासा पूरा कर लिया था। यह इस टूर्नामेंट में उनका तीसरा अर्धशतक भी था। इस तरह वह महिला टी20 विश्व कप के तीन अलग चरण में तीन या इससे ज्यादा बार 50 रन से अधिक का स्कोर बना चुकी हैं।
फिर ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 42 गेंद में 34 रन की दरकार थी।
मूनी को 16वें ओवर में सोफी एक्लेस्टोन ने पगबाधा आउट किया जिसके बाद एलिस पैरी (नाबाद 13 रन) और एशले गार्डनर (नाबाद तीन रन) टीम को जीत तक ले गईं।
इससे पहले इंग्लैंड ने कप्तान नैट साइवर ब्रंट (नाबाद 58 रन) के अर्धशतक से चार विकेट पर 150 रन का स्कोर खड़ा किया।
नैट साइवर ब्रंट ने 53 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में पांच चौके लगाए। उन्होंने फ्रेया केंप (नाबाद 44 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि 55 गेंद की इस साझेदारी के दौरान केंप ने आक्रामक बल्लेबाजी की।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया और उसकी गेंदबाजों ने अच्छी शुरूआत कराई। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे ही ओवर में एमी जोंस का विकेट झटक लिया जिन्हें लुसी हैमिल्टन ने आउट किया।
एनाबेल सदरलैंड ने फिर डैनी वाट हॉज (08) के रूप में ऑस्ट्रेलिया को दूसरा विकेट दिलाया।
एलिस कैप्से (23 रन, 20 गेंद, दो चौके, एक छक्का) अच्छी लय में दिख रही थीं, उन्होंने पारी का पहला छक्का लगाया लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनू ने उन्हें बोल्ड कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया।
हीथर नाइट छह गेंद ही खेल सकी और किम गार्थ की गेंद पर पगबाधा आउट हुईं।
इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट एक छोर पर डटी रहीं, फिर उन्हें फ्रेया केंप का साथ मिला जिन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और एक छक्का लगाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
इंग्लैंड महिला टीम ने 2009 में पहला टी20 विश्व कप जीता था, लेकिन उसके बाद से कभी ट्रॉफी नहीं जीत पाई।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


