केप वर्डे ने स्पेन को बराबरी पर रोककर उलटफेर किया

केप वर्डे ने स्पेन को बराबरी पर रोककर उलटफेर किया

केप वर्डे ने स्पेन को बराबरी पर रोककर उलटफेर किया
Modified Date: June 16, 2026 / 09:09 am IST
Published Date: June 16, 2026 9:09 am IST

अटलांटा, 16 जून (एपी) विश्व कप में पदार्पण कर रहे छोटे से देश केप वर्डे ने खिताब के प्रबल दावेदार स्पेन को गोलरहित ड्रॉ पर रोककर मौजूदा फुटबॉल टूर्नामेंट में अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर किया।

स्पेन की टीम इस मैच में बड़े अंतर से जीत दर्ज करने की उम्मीद से उतरी थी लेकिन इसके विपरीत वह एक भी गोल नहीं कर पाई जो टीम के लिए करारा झटका है। केप वर्डे के लिए स्पेन को बराबरी पर रोकना बहुत बड़ी उपलब्धि है।

केप वर्डे के कोच पेड्रो लीटाओ ब्रितो ने कहा, ‘‘यह हमारे देश के लिए बहुत मायने रखता है। हम चाहते हैं कि हर कोई हमारे देश, हमारी टीम को देखे और हमने अच्छे खेल और साहस का परिचय दिया।’’

यूरोपीय चैंपियन स्पेन टूर्नामेंट जीतने के प्रबल दावेदारों में से एक है और अपने पहले मैच में केप वर्डे को हराने के लिए सभी दांव उस पर लगे थे लेकिन कई स्टार खिलाड़ियों से सजी उसकी टीम विपक्षी टीम के 40 वर्षीय गोलकीपर वोजिन्हा की अगुवाई वाली मजबूत रक्षात्मक पंक्ति को भेद नहीं सकी।

दूसरे हाफ में मैदान पर उतरने वाले किशोर लामिन यामल भी खेल का रुख नहीं बदल सके। केप वर्डे के लिए यह परिणाम जीत से कम नहीं था और खेल समाप्त होने के बाद उनका जश्न इसका सबूत है।

केप वर्डे के डिफेंडर स्टीवन मोरेरा ने इसे ‘एक सपना’ बताया जबकि अनुभवी गोलकीपर वोजिन्हा अंतिम सीटी बजने के बाद फूट-फूटकर रो पड़े।

वह मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे। उन्होंने पहले हाफ के आखिर में फेरान टोरेस, पेड्री और आयमेरिक लापोर्टे के शॉट्स को रोकने के लिए कई शानदार बचाव किए।

स्पेन को गोल करने का सबसे करीबी मौका तब मिला जब टॉरेस ने हाफ टाइम से कुछ ही समय पहले क्रास बार पर शॉट मारा।

स्पेन के कोच लुइस डे ला फुएंते ने कहा, ‘‘हमें जीतना चाहिए था। चाहे जो भी हुआ हो, चाहे हमने जितने भी मौके बनाए हों, लेकिन हम अपना सटीक खेल नहीं दिखा पाए।’’

स्पेन को इससे भी बड़े उलटफेर का सामना करना पड़ सकता था जब डिनी बोर्गेस को मैच के अंतिम क्षणों में गोल करने का मौका मिला था, लेकिन स्पेन के गोलकीपर उनाई साइमन ने उनके हेडर को बचा लिया।

विश्व कप में फुटबॉल के दिग्गज टीमों के खिलाफ चौंकाने वाले परिणाम हासिल करने वाली टीमों की सूची में कैमरून, सेनेगल और सऊदी अरब के साथ केप वर्डे का नाम भी जुड़ गया है।

कैमरून ने 1990 में तब के मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को जबकि सेनेगल ने 2002 में उस समय के मौजूदा चैंपियन फ्रांस को हराया था। चार साल पहले सऊदी अरब ने लियोनेल मेस्सी की अर्जेंटीना के खिलाफ जीत हासिल की थी। अर्जेंटीना हालांकि इस हार से उबरकर चैंपियन बनने में सफल रहा था।

लगभग 4,000 वर्ग मीटर (लगभग 2.5 मील) के भूभाग और लगभग पांच लाख निवासियों वाले इस द्वीपसमूह केप वर्डे जनसंख्या के लिहाज से विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाला तीसरा सबसे छोटा देश है।

स्पेन का मुकाबला रविवार को सऊदी अरब से जबकि केप वर्डे का उरुग्वे से होगा।

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में