चरणी ने तीन विकेट झटके लेकिन केम्प की धुंआधार पारी से इंग्लैड ने पांच विकेट पर 168 रन बनाये

Ads

चरणी ने तीन विकेट झटके लेकिन केम्प की धुंआधार पारी से इंग्लैड ने पांच विकेट पर 168 रन बनाये

  •  
  • Publish Date - May 30, 2026 / 09:15 PM IST,
    Updated On - May 30, 2026 / 09:15 PM IST

ब्रिस्टल, 30 मई (भाषा) बाएं हाथ की युवा स्पिनर श्री चरणी की बेहतरीन गेंदबाजी के बावजूद फ्रेया केम्प की विस्फोटक पारी ने शनिवार को यहां खेले गए दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में इंग्लैंड को पांच विकेट पर 168 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचा दिया।

तीन मैचों की इस श्रृंखला में भारत 1-0 से आगे है।

चरणी ने अपनी विविधता और गति में बदलाव से 25 रन देकर तीन विकेट झटके, जिससे इंग्लैंड के बल्लेबाजों को संभलने का मौका नहीं मिला। वहीं नंदिनी शर्मा और श्रेयंका पाटिल ने एक-एक विकेट लेकर इंग्लैंड पर दबाव बनाए रखा।

केम्प की 13 गेंदों पर खेली गई नाबाद 39 रनों की पारी ने आखिरी ओवरों में इंग्लैंड को बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद की।

इस 21 वर्षीय बाएं हाथ की बल्लेबाज ने अरुंधति रेड्डी के आखिरी ओवर में दो छक्के और दो चौके लगाकर 24 रन बनाए और इंग्लैंड ने आखिरी दो ओवरों में 39 रन बटोरे।

चेम्सफोर्ड में खेले गए पहले मैच में 38 रनों की जीत के बाद भारत ने विश्व कप की तैयारी के लिए खेली जा रही तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बेहद सतर्क रही और टीम ने पहले दो ओवरों में मात्र छह रन बनाए। इसके बाद सोफिया डंकली ने अरुंधति रेड्डी पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर छक्का लगाकर कुछ आक्रामकता दिखाई, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जल्द ही वापसी कर ली।

पावरप्ले के दौरान भारतीय टीम ने अहम सफलता हासिल की। नंदिनी शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए डंकली (10 रन) को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। इसके साथ ही इंग्लैंड पावरप्ले में एक विकेट पर 35 रन बना सका।

इसके बाद वापसी कर रहीं डैनी व्याट-हॉज और एमी जोन्स ने 36 रनों की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन श्री चरणी ने व्याट-हॉज (29 रन) को स्मृति मंधाना के हाथों कैच कराकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई।

मध्यक्रम में जोन्स और एलिस कैप्सी ने 28-28 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं और 27 रनों की साझेदारी भी की, लेकिन श्रेयांका पाटिल ने कैप्सी को आउट कर इंग्लैंड की रनगति पर अंकुश लगाया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालकर इंग्लैंड को पूरी पारी में दबाव में बनाए रखा।

मैच पर भारतीय गेंदबाजों ने पूरी तरह पकड़ बना ली थी, लेकिन केम्प की आखिरी ओवरों की पारी से इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा कर लिया।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता