शतरंज ओलंपियाड: भारतीय पुरुष टीम ने इटली और महिला टीम ने यूनान को हराया

Ads

शतरंज ओलंपियाड: भारतीय पुरुष टीम ने इटली और महिला टीम ने यूनान को हराया

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 09:54 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 09:54 PM IST

समरकंद, 18 सितंबर (भाषा) निहाल सरीन के शानदार प्रदर्शन और मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश के जीत की राह पर वापसी करने से भारतीय पुरुष टीम ने शुक्रवार को यहां 46वें शतरंज ओलंपियाड में इटली को 3-1 से हराया।

इस बीच महिला टीम ने यूनान के रक्षात्मक घेरे को ध्वस्त करते हुए 3.5-0.5 से जीत हासिल की और तीसरे दौर के बाद शीर्ष स्थान पर बनी रही।

आर प्रज्ञाननंदा लगातार दूसरे दिन जीत हासिल नहीं कर पाए। उन्होंने लोरेंजो लोडिसी के खिलाफ बाजी ड्रॉ खेली लेकिन निहाल सरीन और गुकेश ने अपने गेम जीत कर भारत की इटली पर जीत सुनिश्चित की।

जहां निहाल ने फ्रांसेस्को सोनिस को हराया, वहीं सबिनो ब्रुनेलो चौथे बोर्ड पर गुकेश के हाथों हार गए। अर्जुन एरिगैसी को लुका मोरोनी जूनियर के साथ ड्रॉ हासिल करने से पहले कुछ चिंताजनक क्षणों से गुजरना पड़ा।

महिला वर्ग में कोनेरू हम्पी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूनान की स्टावरौला त्सोलाकिडू को एकतरफा मुकाबले में हराया। दिव्या देशमुख और अनास्तासिया अव्रामिदू के बीच मैच ड्रॉ रहा, लेकिन वंतिका अग्रवाल ने एकातेरिनी पावलिडू को हराकर भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित की।

आखिरी बोर्ड पर बी सविता श्री ने लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए एंटोनिया क्रिस्टोडौलाकी को हराकर टीम के लिए बड़ी जीत सुनिश्चित की।

इस 11 राउंड की प्रतियोगिता में अभी भी आठ राउंड बाकी हैं, शीर्ष टीमें अब एक-दूसरे से भिड़ेंगी और अगले तीन राउंड भारतीय ओपन और महिला टीम दोनों के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं।

भाषा

पंत आनन्द

आनन्द