चित्रावेल और प्रभु त्रिकूद फाइनल में, विशाल 400 मीटर सेमीफाइनल से बाहर

चित्रावेल और प्रभु त्रिकूद फाइनल में, विशाल 400 मीटर सेमीफाइनल से बाहर

चित्रावेल और प्रभु त्रिकूद फाइनल में, विशाल 400 मीटर सेमीफाइनल से बाहर
Modified Date: July 30, 2026 / 07:01 pm IST
Published Date: July 30, 2026 7:01 pm IST

ग्लास्गो, 30 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी प्रवीण चित्रावेल और सेल्वा प्रभु ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष त्रिकूद स्पर्धा के क्वालीफिकेशन राउंड में क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया।

चित्रावेल ने अपने पहले और एकमात्र प्रयास में 16.41 मीटर की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया।

ठंडे और तेज हवाओं वाले मौसम के कारण 14 में से कोई भी एथलीट 16.60 मीटर के स्वतः क्वालीफिकेशन मानक को पार नहीं कर सका। चित्रावेल ने दूसरा और तीसरा प्रयास नहीं किया। उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड 17.37 मीटर है जबकि इस सत्र का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17.08 मीटर रहा है।

दूसरी ओर प्रभु को क्वालीफिकेशन के दौरान कुछ तनावपूर्ण पल झेलने पड़े। उन्होंने अपने पहले दो प्रयास फाउल कर दिए, लेकिन अंतिम प्रयास में 16.26 मीटर की कूद लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल में जगह बना ली।

शनिवार को होने वाले फाइनल के लिए शीर्ष 12 खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया।

जमैका के जॉर्डन स्कॉट ने दूसरे प्रयास में 16.56 मीटर की छलांग लगाकर क्वालीफिकेशन राउंड में पहला स्थान हासिल किया।

वहीं पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में भारत के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी विशाल टीके फाइनल में जगह बनाने में असफल रहे। उन्होंने अपनी सेमीफाइनल हीट में 46.33 सेकेंड का समय लेकर छठा स्थान हासिल किया जो उनके स्तर के मुकाबले निराशाजनक प्रदर्शन रहा।

प्रत्येक तीन सेमीफाइनल हीट से शीर्ष दो धावक और उनके बाद सबसे तेज समय निकालने वाले दो अन्य एथलीट फाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं।

विशाल ने इसी वर्ष मई में फेडरेशन कप के दौरान 44.98 सेकेंड का समय निकालकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।

भाषा नमिता पंत

पंत


लेखक के बारे में