गत चैंपियन मध्य क्षेत्र को हराकर पूर्व क्षेत्र दलीप ट्रॉफी के फाइनल में

Ads

गत चैंपियन मध्य क्षेत्र को हराकर पूर्व क्षेत्र दलीप ट्रॉफी के फाइनल में

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 06:08 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 06:08 PM IST

(तस्वीरों के साथ) … जी उन्नीकृष्णन …

बेंगलुरु, एक सितंबर (भाषा) बंगाल के तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार की धारदार गेंदबाजी के बाद वैभव सूर्यवंशी की तेजतर्रार पारी के दम पर पूर्व क्षेत्र ने मंगलवार को यहां सेमीफाइनल के तीसरे दिन गत चैंपियन मध्य क्षेत्र को चार विकेट से हराकर दलीप ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश किया। पूर्व क्षेत्र के सामने फाइनल में दक्षिण क्षेत्र या उत्तर क्षेत्र की चुनौती होगी। फाइनल मुकाबला छह सितंबर से चेपक (चेन्नई) में खेला जाएगा। शमी और मुकेश ने सात विकेट आपस में साझा करते हुए मध्य क्षेत्र की दूसरी पारी को 158 रन पर समेट दिया। पूर्व क्षेत्र ने इसके बाद छह विकेट गंवाने के बावजूद 159 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया। स्पिनरों के लिए लगातार मददगार होती जा रही पिच पर 159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूर्व क्षेत्र के लिए ठोस शुरुआत करना बेहद जरूरी था। सूर्यवंशी (40 रन, 43 गेंद) ने दो अलग-अलग अंदाज वाली पारी खेली। उन्होंने शुरुआती 15 रन 30 गेंदों में बनाए, जो पहली पारी में 42 गेंदों पर बनाए गए उनके अर्धशतक के बिल्कुल विपरीत था। इस दौरान उन्होंने तेज गेंदबाज आर्यन पांडे की गेंद पर सिर्फ एक छक्का लगाया। इसके बाद उन्होंने महज 13 गेंदों में 25 रन बटोर लिए, जिसमें एक और छक्का और तीन चौके शामिल थे। उनके सलामी जोड़ीदार अभिमन्यु ईश्वरन ने शुरुआत में उनसे तेज गति से रन बनाए। उन्होंने ऑफ स्पिनर सारांश जैन की गेंद को लॉन्ग-ऑन के ऊपर से छक्का लगाकर अपना खाता खोला। सूर्यवंशी ने पारी के 14वें ओवर में यश ठाकुर के खिलाफ तीन चौके और एक छक्का लगाया, लेकिन इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने इसी ओवर में एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा दिया। कप्तान रजत पाटीदार ने दौड़ते हुए शानदार कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया। सूर्यवंशी के आउट होते ही पूर्व क्षेत्र की पारी पर जैसे सन्नाटा छा गया। इसके बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने लगी और लक्ष्य का पीछा अचानक मुश्किल नजर आने लगा। बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे ने लगातार गेंदों पर कुमार कुशाग्र और अनुकूल रॉय को आउट कर स्कोर पांच विकेट पर 124 रन कर दिया। कप्तान इशान किशन (नाबाद 39 रन, 41 गेंद) ने हालांकि मध्यक्रम में आत्मविश्वास से भरी पारी खेलते हुए अपनी टीम को जीत तक पहुंचा दिया। इससे पहले, मध्य क्षेत्र ने अपनी दूसरी पारी तीन विकेट पर 45 रन से आगे बढ़ाई, लेकिन दूसरे दिन भी उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। टीम ने पहले सत्र में ही अपने बाकी सात विकेट गंवा दिए। नौवां विकेट गिरने के बाद सत्र को 30 मिनट के लिए बढ़ाया गया था। भारतीय टीम से बाहर चल रहे शमी (56 रन पर तीन विकेट) और मुकेश (44 रन पर चार विकेट) ने मध्य क्षेत्र के बल्लेबाजों को क्रीज पर ज्यादा समय बिताने का मौका नहीं दिया। मैच में सात विकेट लेने वाले मुकेश को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मुकेश और शमी की धारदार गेंदबाजी के सामने मध्य क्षेत्र ने 97 रन तक आठ विकेट गंवा दिए थे, लेकिन हर्ष दुबे और अरशद खान ने नौवें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी कर टीम को 150 रन के पार पहुंचे में अहम योगदान दिया। पूर्व क्षेत्र के पास अब 2012-13 के बाद पहली बार दलीप ट्रॉफी का चैंपियन बनने का मौका है। ईश्वरन ने मैच के बाद कहा, ‘‘व्यक्तिगत तौर पर ही नहीं, बल्कि पूरी टीम के नजरिये से देखें तो हम सभी फाइनल खेलने को लेकर उत्साहित हैं। अगर हम फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम करने में सफल रहे तो यह बेहद खुशी की बात होगी।’’ भाषा आनन्द सुधीरसुधीर