चीन मास्टर्स के पहले दिन उन्नति को मिली शिकस्त, हरिहरन-अर्जुन की जोडी बीच मुकाबले से हटी

Ads

चीन मास्टर्स के पहले दिन उन्नति को मिली शिकस्त, हरिहरन-अर्जुन की जोडी बीच मुकाबले से हटी

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 05:30 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 05:30 PM IST

शेनजेन एक सितंबर (भाषा) उन्नति हुड्डा चीन मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में मंगलवार को महिला एकल के पहले दौर की चुनौती पार करने में विफल रहीं, जबकि पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी ने अपने शुरुआती दौर के मुकाबले में पहले गेम के दौरान ही मैच से हटने का फैसला किया।

विश्व रैंकिंग में 25वें स्थान पर काबिज उन्नति को पहले दौर में दक्षिण कोरिया की 12वीं रैंकिंग वाली किम गा-यून के हाथों 10-21, 18-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

हरिहरन और अर्जुन की जोड़ी पहले गेम में चीन के चेन बो यांग और लियू यी के खिलाफ 8-11 से पीछे चल रही थी तभी उन्होंने मुकाबले से हटने का फैसला किया। उनके मैच से हटने की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी, लेकिन माना जा रहा है कि यह फिटनेस से जुड़ी हो सकती है।

उन्नति पहले गेम में लय में नजर नहीं आईं। किम ने 4-0 की बढ़त के साथ शुरुआत की और देखते ही देखते स्कोर 11-3 कर दिया। इसके बाद उन्होंने पहला गेम आसानी से अपने नाम कर लिया।

भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे गेम में बेहतर संघर्ष दिखाया। शुरुआत से ही वह मुकाबले में बनी रहीं और 8-7 तथा 14-13 की मामूली बढ़त भी हासिल की। इसके बाद स्कोर 18-18 से बराबर हो गया।

किम ने हालांकि फिर से नियंत्रण हासिल किया और लगातार तीन अंक जुटाकर मुकाबला समाप्त कर दिया।

भारतीय खिलाड़ियों से जुड़े सात मुकाबले बुधवार को खेले जाने हैं, जिनमें देश के शीर्ष खिलाड़ी लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत भी अपने अभियान का आगाज करेंगे।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर