दिल्ली को अहम मौकों को न भुनाने की कीमत चुकानी पड़ी: बदानी

Ads

दिल्ली को अहम मौकों को न भुनाने की कीमत चुकानी पड़ी: बदानी

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 12:33 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 12:33 PM IST

कोलकाता, 25 मई (भाषा) दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच हेमांग बदानी ने स्वीकार किया कि उनकी टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस पूरे सत्र में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही और उसे महत्वपूर्ण मैचों में अहम मौकों का फायदा न उठाने की कीमत चुकानी पड़ी।

दिल्ली ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में सात जीत और सात हार के साथ छठा स्थान हासिल किया और लगातार पांचवें साल प्लेऑफ में जगह बनाने से नाकाम रही।

दिल्ली को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर एक रन से हार का सामना करना पड़ा था जबकि पंजाब किंग्स के खिलाफ वह अपने 264 रन के विशाल स्कोर का बचाव नहीं कर पाया था।

बदानी ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘ऐसे कई मैच थे जिनमें मुझे सचमुच लगा कि नतीजा किसी भी तरफ जा सकता है। हम उन मौकों का फायदा नहीं उठा पाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात के खिलाफ मैच हम एक रन से हार गए थे। पंजाब के खिलाफ 264 रन का स्कोर ऐसा था जिसका आसानी से बचाव किया जा सकता था। यहां तक ​​कि सीएसके (चेन्नई सुपर किंग्स) के खिलाफ भी हमने कुछ कैच छोड़े थे। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी हमने मैच के महत्वपूर्ण मोड़ पर कुछ कैच छोड़े थे।’’

बल्लेबाजी में दिल्ली की टीम ने लगातार विकेट गंवाने के कारण नुकसान झेला जबकि गेंदबाजी में भी उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।

बदानी ने कहा, ‘‘बल्लेबाजी करते हुए भी हम कई बार अपने विकेट बचा नहीं पाए। अगर आप आंकड़े देखें तो पाएंगे कि हमने एक साथ कई विकेट गंवाए हैं। अगर गेंदबाजी की बात करें तो हमने बहुत कम विकेट लिए। मुझे लगता है कि टूर्नामेंट में विकेट लेने के मामले में हम सबसे निचले स्थान पर हैं।’’

बदानी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यही वजह है कि हम 14 अंक ही हासिल कर पाए। हम इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे।’’

भाषा

पंत मोना

मोना