ग्लोबल शतरंज लीग के चौथे सत्र में दिव्या करेंगी पदार्पण, कार्लसन की होगी वापसी

Ads

ग्लोबल शतरंज लीग के चौथे सत्र में दिव्या करेंगी पदार्पण, कार्लसन की होगी वापसी

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 07:04 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 07:04 PM IST

मुंबई, 27 जून (भाषा) नॉर्वे के ग्रैंडमास्टर और पूर्व विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन एक साल के अंतराल के बाद ग्लोबल शतरंज लीग में वापसी करने जा रहे हैं तो वहीं फिडे महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अपना पदार्पण करेंगी।

लीग के चौथे सत्र का ड्राफ्ट 29 जून को आयोजित किया जाएगा, जबकि प्रतियोगिता तीन से 13 सितंबर तक बेंगलुरु में खेली जाएगी। आयोजकों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

आयोजकों के अनुसार, ‘‘ इस सत्र में कई दिग्गज खिलाड़ी भाग ले रहे हैं जिसमें 36 ग्रैंडमास्टर शामिल हैं। इनमें विश्व चैंपियन, विश्व कप विजेता, ओलंपियाड पदकधारी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के शीर्ष खिलाड़ी शामिल हैं।’’

लीग में टीमों को ड्राफ्ट के माध्यम से अधिकतम छह खिलाड़ियों का दल बनाना होगा, जिसमें एक आइकन खिलाड़ी, दो सुपरस्टार पुरुष, दो सुपरस्टार महिला और एक प्रोडिजी (युवा) खिलाड़ी शामिल रहेगा। प्रतियोगिता छह-बोर्ड रैपिड प्रारूप में खेली जाएगी।

इस ड्राफ्ट सूची में भारत के दिग्गज विश्वनाथन आनंद, 2025 फिडे विश्व कप विजेता जावोखिर सिंदारोव, महिला विश्व रैपिड चैंपियन कोनेरू हम्पी, पूर्व महिला विश्व चैंपियन अलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक, विश्व चैंपियनशिप चैलेंजर इयान नेपोमनियाची और पूर्व विश्व कप विजेता तथा ओलंपियाड स्वर्ण पदकधारी लेवोन आरोनियन जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

इसके अलावा मौजूदा विश्व रैपिड चैंपियन वलोडार मुरजिन और भारतीय ग्रैंडमास्टर लियोन ल्यूक मेंडोंका भी ड्राफ्ट का हिस्सा होंगे।

भाषा आनन्द मोना

मोना