लाहौर, 16 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान टेनिस महासंघ (पीटीएफ) के अध्यक्ष ऐसाम उल हक कुरैशी जापान के आइची-नागोया में होने वाले आगामी एशियाई खेलों में पाकिस्तान की ओर से युगल खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लेंगे।
भारत के रोहन बोपन्ना के साथ अमेरिकी ओपन पुरुष युगल के पूर्व उपविजेता 46 वर्षीय ऐसाम ने बुधवार को पुष्टि की कि उन्होंने एशियाई खेलों में पाकिस्तान के लिए पुरुष युगल स्पर्धा में खेलने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हां, मैं पीटीएफ का अध्यक्ष हूं और एशियाई खेलों के दौरान अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाऊंगा लेकिन मैं पूरी तरह फिट हूं और अब भी नियमित रूप से टेनिस खेलता हूं इसलिए मैंने युगल स्पर्धा में हिस्सा लेने का फैसला किया है।’’
ऐसाम पाकिस्तान की टेनिस टीम का हिस्सा हैं जिसमें अनुभवी अकील खान, मुहम्मद शोएब, मुजम्मिल मुर्तजा, महीन आफताब और उश्ना सोहेल भी शामिल हैं।
पाकिस्तान पुरुष और महिला दोनों स्पर्धाओं में हिस्सा लेगा। ऐसाम ने कहा कि एशियाई खेलों के लिए टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रित है।
ऐसाम ने कहा कि चुनौतियों के बावजूद पाकिस्तान टेनिस आगे बढ़ रहा है और अक्टूबर में देश बिली जीन महिला प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा जिसमें 10 देशों की खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रतियोगिता स्तन कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाने में भी मदद करेगी।’’
ऐसाम कई वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय सर्किट में पाकिस्तान के शीर्ष और सबसे चर्चित खिलाड़ी रहे। उन्होंने पीटीएफ के चुनाव में उतरने से पहले कई ग्रैंड स्लैम युगल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। वह 2024 में पीटीएफ के अध्यक्ष चुने गए।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द