विश्व कप फाइनल से पहले केरल में फुटबॉल का जुनून चरम पर
विश्व कप फाइनल से पहले केरल में फुटबॉल का जुनून चरम पर
तिरुवनंतपुरम, 19 जुलाई (भाषा) अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाले फीफा विश्व कप फाइनल को लेकर केरल में फुटबॉल का जुनून चरम पर पहुंच गया है जहां सार्वजनिक प्रसारण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रशंसकों से जुड़े कई आयोजन किए जा रहे हैं।
राज्य में हालांकि अर्जेंटीना के प्रशंसकों की संख्या काफी अधिक है, लेकिन स्पेन समर्थकों का उत्साह भी कम नहीं है और वे खिताबी मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कोझिकोड में अर्जेंटीना के प्रशंसकों ने जश्न के तौर पर समुद्र तट पर करीब 100 मीटर लंबा अर्जेंटीना का झंडा लहराया। वहीं, कन्नूर में दो निजी बस संचालकों ने अनोखी घोषणा की है। इनमें से एक अर्जेंटीना और दूसरा स्पेन का समर्थक है। दोनों ने कहा है कि अगर उनकी पसंदीदा टीम विश्व कप जीतती है तो वे 21 जुलाई को विद्यार्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा देंगे।
कोच्चि, तिरुवनंतपुरम, कोझिकोड और राज्य के कई अन्य स्थानों पर फाइनल मुकाबले के सीधे प्रसारण के लिए खुले मैदानों में विशेष व्यवस्था की गई है। होटल और रेस्तरां भी मैच के लाइव प्रसारण की तैयारी कर रहे हैं, जबकि पूरे राज्य में फुटबॉल पर आधारित सांस्कृतिक और खेल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
फुटबॉल उत्सव के बीच केरल पुलिस ने प्रशंसकों से सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने लापरवाही भरे जश्न, यातायात नियमों के उल्लंघन और खतरनाक गतिविधियों के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है।
फाइनल का उत्साह केरल के राजनीतिक नेताओं और फिल्मी हस्तियों पर भी दिखाई दे रहा है। कई लोगों ने अपनी पसंदीदा टीमों के समर्थन का खुलकर ऐलान किया है।
अभिनेता आसिफ अली ने अर्जेंटीना का समर्थन करते हुए उम्मीद जताई कि लियोनेल मेस्सी एक बार फिर विश्व कप ट्रॉफी उठाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘कहा जा रहा है कि यह मेस्सी का आखिरी विश्व कप मुकाबला है। इसे लेकर हम बेहद उत्साहित हैं।’’
खेल मंत्री ओ. जे. जनीश ने भी अर्जेंटीना का समर्थन किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अर्जेंटीना ट्रॉफी जीतेगा। हम भी इस मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित हैं।’’
गृह मंत्री रमेश चेन्निथला, वन मंत्री शिबू बेबी जॉन, आबकारी मंत्री एम. लिजू, माकपा नेता पी. राजीव ने विश्व कप फुटबॉल फाइनल के जुनून में दिखे।
भाषा
आनन्द
आनन्द

Facebook


