नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना ने शुक्रवार को जिम्बाब्वे के हरारे में रिकॉर्ड छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब जीतने पर भारतीय टीम और बल्लेबाजी प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी की जमकर सराहना की।
भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया। इस जीत में सूर्यवंशी की 80 गेंद में 175 रन की विस्फोटक पारी अहम रही जिसमें उन्होंने अभूतपूर्व 15 छक्के और इतने ही चौके लगाए। इस असंभव लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 41वें ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई।
खन्ना ने कहा, ‘‘भारत की अंडर-19 टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई। वैभव सूर्यवंशी की यह जीवन की सर्वश्रेष्ठ पारी विशेष उल्लेख के योग्य है। मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में हमें बड़े सितारे देखने को मिलेंगे। ’’
भारत ने इससे पहले 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में खिताब जीता था।
खन्ना ने 2017 से 2019 तक बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। जनवरी 2017 में उच्चतम न्यायालय के आदेश पर अनुराग ठाकुर को पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली और अक्टूबर 2019 में सौरव गांगुली के अध्यक्ष चुने जाने तक इस पद पर बने रहे।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द