उप्र : गाजियाबाद सार्वजनिक शौचालय के कर्मचारी की हत्या के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

Ads

उप्र : गाजियाबाद सार्वजनिक शौचालय के कर्मचारी की हत्या के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 10:36 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 10:36 PM IST

गाजियाबाद (उप्र), छह फरवरी (भाषा) गाजियाबाद में सार्वजनिक शौचालय के एक कर्मी की सुविधा शुल्क को लेकर हुए विवाद के बाद गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) श्वेता यादव ने बताया कि तीन फरवरी को सुपरवाइजर कुलदीप सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि गोंडा जिले के मूल निवासी और उनके सहायक प्रेम कुमार की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी है।

प्रेम कुमार कौशांबी बस स्टैंड पर स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में सुविधा शुल्क लेने का कार्य करता था।

एसीपी ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने लिंक रोड पुलिस थाना इलाके के महाराजपुर क्षेत्र से पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के रहने वाले सुखबीर उर्फ सुमित (28) और राकेश प्रसाद उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रेम कुमार को जानते थे और उसके साथ शराब पीते थे। दो गाजियाबाद नगर निगम को 300 रुपये का शुल्क दिए बिना सार्वजनिक शौचालय का इस्तेमाल कर रहे थे।

उसने बताया कि लगभग 10 दिन पहले, जब दोनों ने शौचालय का इस्तेमाल करने की कोशिश की, तो प्रेम कुमार ने कथित तौर पर उन्हें रोक दिया और उनसे बकाया चुकाने को कहा।

कहासुनी के दौरान, सुपरवाइजर कुलदीप सिंह भी मौके पर पहुंच गए, और प्रेम कुमार और राकेश प्रसाद के बीच कथित तौर पर हाथापाई हो गई।

पुलिस ने बताया कि दो फरवरी को आरोपियों ने प्रेम कुमार को मारने की योजना बनायी। उन्होंने कथित तौर पर सार्वजनिक शौचालय परिसर के अंदर प्रेम कुमार के साथ शराब पी और उसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कथित तौर पर प्रेम कुमार का मोबाइल फोन और उसकी जेब से 600 रुपये निकाल लिए और मथुरा भाग गए।

एसीपी यादव ने बताया कि दोनों बृहस्पतिवार को जब ट्रेन से गाजियाबाद लौट रहे थे तब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया।

भाषा सं जफर धीरज

धीरज