(अमित कुमार दास)
नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) आयुष शेट्टी का शुरू से एक सपना था, विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में खेलना। अब इस 21 वर्षीय खिलाड़ी का यह सपना साकार होने जा रहा है।
भारत 17 साल के अंतराल के बाद 17 से 23 के बीच विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी करने के लिए तैयार है। इस प्रतियोगिता में भारत के चार खिलाड़ी पहली बार अपना भाग्य आजमाएंगे। इन खिलाड़ियों में कर्नाटक के आयुष भी शामिल हैं।
आयुष ने पीटीआई से कहा, ‘‘विश्व चैंपियनशिप में पदार्पण करना और वह भी तब जब भारत 17 साल बाद इसकी मेजबानी कर रहा है। इसलिए यह विशेष है।’’
आयुष को हालांकि कठिन ड्रॉ मिला है, क्योंकि पुरुष एकल के पहले दौर में उनका मुकाबला मौजूदा चैंपियन और विश्व के नंबर एक खिलाड़ी चीन के शी यू क्यूई से होगा।
उनके अलावा महिला एकल की उभरती हुई खिलाड़ी उन्नति हुडा तथा महिला युगल की जोड़ी सिमरन सिंघी और कविप्रिया सेल्वम भी पहली बार विश्व चैंपियनशिप में खेलेंगे।
स्वाभाविक रूप से सबकी निगाहें दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन तथा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी पर टिकी रहेंगी, लेकिन पदार्पण कर रहे चारों भारतीय खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आयुष ने कहा, ‘‘विश्व चैंपियनशिप उन टूर्नामेंटों में से एक था जिन्हें मैं बचपन से ही देखने के लिए उत्सुक रहता था। हर युवा बैडमिंटन खिलाड़ी की तरह मैंने भी एक दिन विश्व चैंपियनशिप में खेलने का सपना देखा था। मैं इस अवसर का पूरा फायदा उठाना चाहता हूं।’’
जहां तक उन्नति का सवाल है तो उन्होंने 17 साल की उम्र में ही खुद को भारत की सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में से एक के रूप में स्थापित कर लिया है। विश्व चैंपियनशिप के पहले दौर में उनका मुकाबला म्यांमा की थेत हतार थुजार से होगा।
उन्नति ने कहा, ‘‘यह मेरे करियर के सबसे बड़े पलों में से एक है। पहली बार विश्व चैंपियनशिप में खेलना ऐसा लक्ष्य है जिसके लिए मैंने लंबे समय से मेहनत की है। भारत में यह अवसर मिलना इसे और भी खास बनाता है। मैं इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।’’
महिला युगल में सिमरन और कविप्रिया बहुत चर्चित नाम नहीं है लेकिन इन दोनों ने पिछले कुछ समय में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। भारत को इस जोड़ी से काफी उम्मीद है।
सिमरन और कविप्रिया स्पेन की निकोल कारुल्ला और कारमेन मारिया जिमेनेज के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।
भाषा
पंत
पंत