मैसुरु, 15 जून (भाषा) भारतीय गोल्फर गौरिका बिश्नोई ने शनिवार को यहां तीसरे और अंतिम दौर के अंतिम तीन होल में बर्डी की हैट्रिक लगाकर हफ्ते के सर्वश्रेष्ठ चार अंडर 66 के कार्ड से हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर (डब्लयूपीजीटी) के सातवें चरण का खिताब जीत लिया।
गौरिका दूसरे दौर के बाद संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर चल रही थीं। उन्होंने कुल एक अंडर 209 का स्कोर बनाया जबकि बीती रात शीर्ष पर रहने वाली खुशी खानिजाऊ (71) दबाव में आ गईं।
खुशी ने कुल दो ओवर 212 का स्कोर बनाया जिससे वह उपविजेता रहीं।
गौरिका की 2024 सत्र में यह पहली जीत है। उन्होंने पिछले साल दो जीत दर्ज की थीं।
‘अमेच्योर’ गोल्फर मन्नत बराड़ तीन अंडर 67 के कार्ड से कुल चार ओवर 214 के स्कोर से विधात्री उर्स के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
भाषा
नमिता आनन्द
आनन्द