गिल की 84 रन की पारी से टाइटंस ने रॉयल्स को दिया 230 रन का लक्ष्य

गिल की 84 रन की पारी से टाइटंस ने रॉयल्स को दिया 230 रन का लक्ष्य

गिल की 84 रन की पारी से टाइटंस ने रॉयल्स को दिया 230 रन का लक्ष्य
Modified Date: May 9, 2026 / 09:41 pm IST
Published Date: May 9, 2026 9:41 pm IST

जयपुर, नौ मई (भाषा) कप्तान शुभमन गिल की 84 रन की विस्फोटक पारी और साई सुदर्शन के शानदार अर्धशतक की बदौलत गुजरात टाइटंस ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चार विकेट पर 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर गिल ने बाएं पैर में परेशानी के बावजूद 44 गेंदों में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से तेजतर्रार 84 रन बनाए। साई सुदर्शन ने 36 गेंदों में छह चौके और दो छक्कों की सहायता से 55 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

पारी के अंतिम ओवरों में वॉशिंगटन सुंदर ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए, जबकि राहुल तेवतिया ने चार गेंदों में नाबाद 14 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। तेवतिया ने आखिरी ओवर में दो छक्के जड़े, जिससे टीम ने 21 रन बटोरे और मौजूदा सत्र का अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया।

राजस्थान रॉयल्स की ओर से दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज बृजेश शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 47 रन देकर दो विकेट झटके। इसके अलावा यश राज पुंजा और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट हासिल किया।

रॉयल्स की मुश्किलें शुरुआत से ही बढ़ गई थीं। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में 18 रन लुटाए, जिसमें पांच अतिरिक्त रन भी शामिल थे। सुदर्शन ने उनकी खराब लाइन का पूरा फायदा उठाया। आर्चर ने अपने तीन ओवरों में 46 रन दिए।

सुदर्शन ने ऑफ साइड में लगातार आकर्षक शॉट लगाए, जबकि गिल ने शुरुआत में संभलकर खेलने के बाद तेजी से रन गति बढ़ाई। गुजरात ने नौ ओवर में बिना विकेट खोए 108 रन बना लिए थे।

राजस्थान को पहली सफलता यश राज पुंजा ने 11वें ओवर में दिलाई, जब उन्होंने सुदर्शन को आउट कर बड़ी साझेदारी तोड़ी।

इस बीच नौवें ओवर में गिल के बाएं पैर में दर्द की शिकायत हुई और उन्हें फिजियो की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद भी उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और आसानी से अपना अर्धशतक पूरा किया।

जोस बटलर ने भी 10 गेंदों पर 13 रन बनाने के बाद रन गति तेज करने की कोशिश में जडेजा की गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया।

गिल को उनकी पारी के दौरान दो जीवनदान भी मिले। 54 रन के स्कोर पर शिमरोन हेटमायर ने डीप मिडविकेट पर उनका कैच छोड़ दिया और गेंद सीमा रेखा पार कर छक्के में बदल गई। इसके बाद 61 रन पर हेटमायर ने एक और मुश्किल कैच टपका दिया।

इन मौकों का फायदा उठाते हुए गिल ने तुरंत जवाबी हमला किया। उन्होंने यश राज के खिलाफ रिवर्स स्कूप सहित कई आकर्षक शॉट लगाए और मैदान के चारों ओर रन बटोरे।

आर्चर के दूसरे स्पेल में भी गिल ने कवर ड्राइव, लॉफ्टेड शॉट और सीधे बल्ले से दमदार प्रहार कर दबदबा बनाए रखा।

जडेजा की अगुवाई में राजस्थान के स्पिनरों ने कुछ समय के लिए रन गति पर अंकुश लगाया, लेकिन गिल की शानदार बल्लेबाजी के दम पर गुजरात ने पूरी पारी के दौरान नियंत्रण बनाए रखा।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में