ग्रैंड शतरंज टूर: प्रज्ञानानंदा संयुक्त तीसरे , गुकेश छठे स्थान पर रहे

Ads

ग्रैंड शतरंज टूर: प्रज्ञानानंदा संयुक्त तीसरे , गुकेश छठे स्थान पर रहे

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 04:27 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 04:27 PM IST

जाग्रेब, छह जुलाई (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा ने ग्रैंड शतरंज टूर के क्रोएशियाई चरण के अंतिम दिन सोमवार को शानदार वापसी करते हुए संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।

फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा ने 23.5 अंकों के साथ खिताब अपने नाम किया। प्रज्ञानानंदा ने फ्रांस के ही मैक्सिम वाचिएर-लाग्रेव के साथ 21.5 अंक जुटाकर संयुक्त तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रज्ञानानंदा ने अंतिम दिन की शुरुआत जर्मनी के विंसेंट कीमर से हार के साथ की लेकिन इसके बाद अंतिम आठ बाजियों में छह अंक जुटाकर शानदार वापसी की। उन्हें दूसरी हार हमवतन और मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश के खिलाफ मिली, जबकि उन्होंने टूर्नामेंट विजेता फिरोजा को हराने में सफलता हासिल की।

ब्लिट्ज के पहले दिन नौ में से आठ अंक हासिल कर शानदार शुरुआत करने वाले अलीरेजा अंतिम दिन लय बरकरार नहीं रख सके और केवल पांच अंक ही जोड़ पाए। इससे उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने भी कुल 23.5 अंकों के साथ उनकी बराबरी कर ली।

इसके बाद खिताब का फैसला टाई-ब्रेक से हुआ। शुरुआती दो मुकाबला बराबरी पर छूटने के बाद ‘आर्मागेडन’ मुकाबले में काले मोहरों से खेल रहे अलीरेजा ने ड्रॉ खेलकर खिताब अपने नाम किया।

जर्मनी के विंसेंट कीमर 20 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे, जबकि मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश 18.5 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहे। नीदरलैंड के अनीश गिरि 17 अंकों के साथ सातवें, रोमानिया के डेएक बोगदान डेनियल 15 अंकों के साथ आठवें, नीदरलैंड के जोर्डेन वान फॉरेस्ट 12.5 अंकों के साथ नौवें और मेजबान क्रोएशिया के इवान सारिच सात अंकों के साथ दसवें स्थान पर रहे।

ग्रैंड शतरंज टूर की समग्र अंकतालिका में अमेरिका के फेबियानो कारुआना 20 अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं। विंसेंट कीमर 19 अंकों के साथ दूसरे और अलीरेजा 18 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। प्रज्ञानानंदा 11.5 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं और वर्ष के अंत में होने वाले ग्रैंड शतरंज टूर फाइनल में जगह बनाने के लिए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

भाषा आनन्द मोना

मोना