पहले ‘फिडे एक्सीलेंस’ पुरस्कारों के लिए गुकेश, प्रज्ञानानंदा और दिव्या दौड़ में

Ads

पहले ‘फिडे एक्सीलेंस’ पुरस्कारों के लिए गुकेश, प्रज्ञानानंदा और दिव्या दौड़ में

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 04:43 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 04:43 PM IST

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) विश्व चैंपियन डी गुकेश, आर प्रज्ञानानंदा और दिव्या देशमुख उन भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं जो पहले ‘फिडे एक्सीलेंस’ पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ शतरंज खिलाड़ी के सम्मान की दौड़ में है जिनका आयोजन सितंबर में उज्बेकिस्तान के समरकंद में 46वें ओलंपियाड के साथ किया जाएगा।

गुकेश, प्रज्ञानानंदा और अर्जुन एरिगेसी उन 10 खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी के लिए नामांकित किया गया है और इसमें दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन भी शामिल हैं।

विश्व कप विजेता दिव्या, दो बार की विश्व रैपिड चैंपियन कोनेरू हम्पी और महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट की विजेता आर वैशाली उन भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। गुकेश और दिव्या को उनके वैश्विक खिताब के लिए ‘बेस्ट ब्रेकथ्रू परफॉर्मेंस’ वर्ग में भी नामांकित किया गया है।

इस साल की शुरुआत में शुरू किए गए ये पुरस्कार हर दो साल में दिए जाएंगे और दो साल के समय में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को सम्मानित किया जाएगा।

शुरूआती पुरस्कारों में सितंबर 2024 से अगस्त 2026 तक की उपलब्धियों को शामिल किया गया है।

अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (एआईसीएफ) को ‘सर्वश्रेष्ठ महासंघ’ के वर्ग में नामांकित किया गया है।

भाषा नमिता मोना

मोना