जागरेब (क्रोएशिया), 30 जून (भाषा) विश्व चैंपियन डी गुकेश ने भले ही क्लासिकल शतरंज से कुछ समय के लिए ब्रेक लिया हो लेकिन बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए उनकी प्रतिबद्धता बरकरार है और वह बुधवार से यहां शुरू हो रहे जागरेब रेपिड एंव ब्लिट्ज टूर्नामेंट में दुनिया के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों का सामना करेंगे।
यह प्रतियोगिता ग्रैंड शतरंज टूर का हिस्सा है जो शीर्ष खिलाड़ियों को एक साथ लाने का सबसे बड़ा मंच है। ग्रैंड शतरंज टूर के तहत इस साल की यह तीसरी प्रतियोगिता होगी और इसके बाद तीन और प्रतियोगिताएं होनी हैं।
इस प्रतियोगिता में भारतीय स्टार आर प्रज्ञानानंदा भी हिस्सा लेंगे जिन्होंने हाल ही में नॉर्वे शतरंज में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को पछाड़कर जीत हासिल की।
इस प्रतियोगिता में रेपिड शतरंज के नौ दौर जबकि ब्लिट्ज शतरंज के 18 दौर खेले जाएंगे।
रेपिड में हर जीत के लिए दो अंक और ड्रॉ के लिए एक अंक मिलेगा जबकि ब्लिट्ज में जीत के लिए एक अंक और ड्रॉ के लिए आधा अंक दिया जाएगा।
गुकेश ने अपने हालिया प्रदर्शन का हवाला देते हुए ग्रैंड चेस टूर से हटने का फैसला किया था।
मौजूदा विश्व चैंपियन गुकेश को इस साल के आखिर में जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ अपने विश्व खिताब का बचाव करना है और इस बात पर अलग-अलग राय है कि इसे कौन जीतेगा।
मुख्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लेने के बावजूद गुकेश ने वाइल्ड कार्ड धारक के तौर पर रेपिड और ब्लिट्ज वर्ग में खेलने का फैसला किया है।
प्रज्ञानानंदा के लिए अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह तेज प्रारूप में कैसे खेलते हैं क्योंकि उन्होंने नॉर्वे शतरंज में अपनी जबरदस्त इच्छाशक्ति और बेहतरीन योजना से जीत हासिल की थी। वह यह खिताब जीतने वाले पहले भारतीय भी बने थे।
जर्मनी के विन्सेंट कीमर, नीदरलैंड के अनीश गिरी और फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा तीनों रेटिंग के हिसाब से जीत के दावेदार माने जा रहे हैं।
फ्रांस के मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव एक और खतरनाक प्रतिद्वंद्वी हैं और उनके साथ जोर्डन वैन फॉरेस्ट भी हैं जिन्हें आखिरी समय में टूर में शामिल किया गया था।
उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव, सर्बिया के इवान सारिक और रोमानिया के डिएक बोगदान डैनियल भी प्रतियोगिता में चुनौती पेश करेंगे।
भाषा सुधीर
सुधीर