Rajgarh Gang Rape Case: राजगढ़ जिले के पचोर थाना क्षेत्र के उदनखेड़ी से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ बकरी चराने गई 9 वर्षीय तीसरी कक्षा की छात्रा के साथ गांव के ही तीन नाबालिग लड़कों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी मासूम को खजूर खिलाने और घर-घर खेलने का बहाना बनाकर सुनसान जंगल में ले गए थे।
डरी-सहमी रोते हुए घर पहुँची बच्ची
दिल दहला देने वाली बात यह भी है कि आरोपी दुष्कर्म के दौरान मोबाइल पर वीडियो भी बना रहे थे। वारदात के बाद डरी-सहमी बच्ची जब रोते हुए घर पहुँची, तब परिजनों को इस घिनौनी करतूत का पता चला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गैंगरेप, पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इस संवेदनशील मामले में पुलिस फिलहाल कैमरे पर कुछ भी बोलने से बच रही है।
जंगल लेजाकर की हैवानियत
पचोर थाना क्षेत्र के उदनखेड़ी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली यह घटना सोमवार दोपहर करीब 1 बजे की है। 9 वर्षीय पीड़िता गांव के पास जंगल में बकरी चराने गई थी, जहाँ गांव के ही दो 12 वर्षीय और एक 16 वर्षीय किशोर भी मौजूद थे। आरोपियों ने पहले मासूम को घर-घर खेलने और खजूर खिलाने का लालच दिया और उसे जंगल के भीतर सुनसान इलाके में ले गए। यहाँ तीनों ने बारी-बारी से मासूम के साथ हैवानियत की और मोबाइल पर उसका वीडियो भी रिकॉर्ड करने लगे। वारदात के बाद आरोपी बच्ची को वहीं छोड़कर भाग गए।
तीनों नाबालिग हिरासत में
घबराई और रोती हुई मासूम जब घर पहुँची, तो उसकी हालत देखकर परिजनों ने पूछताछ की, जिसके बाद इस खौफनाक सच का खुलासा हुआ। परिजन तुरंत पीड़िता को लेकर थाने पहुँचे। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पॉक्सो, आईटी एक्ट और गैंगरेप की संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर तीनों नाबालिग आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया है।