प्राग, तीन मार्च (भाषा) टूर्नामेंट में पहली जीत की का इंतजार कर रहे मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश बुधवार को प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव के मास्टर्स वर्ग के छठे दौर में हमवतन अरविंद चिदंबरम से भिड़ेंगे।
तीन ड्रॉ और दो हार के बाद गुकेश के सिर्फ डेढ़ अंक हैं और वह लाइव विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर खिसक गए। इस विश्व चैंपियन को प्रतियोगिता में बहुत देर होने से पहले जल्दी से सामंजस्य बैठाना होगा।
गुकेश को अंतिम तीन दौर में में ईरान के परहम माघसूदलू, जर्मनी के विन्सेंट केमर और स्पेन के डेविड एंटोन गुइजारो से भिड़ना है।
अरविंद ने एकमात्र जीत अमेरिका के हेन्स मोके नीमैन के खिलाफ दर्ज की है और वह भी काफी मुश्किल हालात से उबरकर। गत चैंपियन अरविंद को इस साल जूझना पड़ा है जिससे गुकेश उनके खिलाफ जीत के प्रबल दावेदार हैं।
चार अंक के साथ शीर्ष पर चल रहे नीदरलैंड के जोर्डन वान फोरेस्ट ने अब तक चार बाजियां जीती हैं और एक में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वह एकमात्र खिलाड़ी हैं जिनकी सभी बाजियों के नतीजे निकले हैं।
स्थानीय दावेदार डेविड नवारा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3.5 अंक जुटाए हैं।
चैलेंजर वर्ग में भारत की दिव्या देशमुख ने संभावित पांच में से ढाई अंक जुटाए हैं जबकि चेक गणराज्य की वाकलाव फिनेक चार अंक के साथ शीर्ष पर हैं।
दिव्या ने पिछले दौर में हमवतन भारतीय सूर्य शेखर गांगुली को हराया था।
गांगुली भी बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। वह अभी एक अंक के साथ अंतिम पायदान पर हैं।
भाषा सुधीर मोना
मोना