गुरुग्राम, 12 मार्च (भाषा) हिताक्षी बख्शी मंगलवार को यहां 2024 हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर (डब्ल्यूपीजीटी) के छठे चरण के शुरुआती दिन आठ अंडर 64 का शानदार कार्ड खेलकर तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल रही।
हीरो ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर काबिज इस खिलाड़ी ने इसके साथ ही यहां डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में महिला वर्ग का नया कोर्स रिकॉर्ड कायम किया।
उन्होंने शुरूआती नौ होल में दो ईगल और चार बर्डी लगाकर आठ अंडर का स्कोर बना लिया था। वह आखिरी नौ होल में एक बर्डी के मुकाबले एक बोगी कर गयी।
वह दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से काबिज वाणी कपूर और अमनदीप द्राल से आठ शॉट आगे है।
गौरिका बिश्नोई 73 के कार्ड के साथ चौथे जबकि जारा आनंद दो ओवर 74 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर है।
भाषा आनन्द पंत
पंत