नकवी ने कहा भारत मैच पर फैसला अगले 24 घंटे में, आईसीसी ने त्रिकोणीय श्रृंखला की मांग खारिज की

Ads

नकवी ने कहा भारत मैच पर फैसला अगले 24 घंटे में, आईसीसी ने त्रिकोणीय श्रृंखला की मांग खारिज की

  •  
  • Publish Date - February 9, 2026 / 10:10 PM IST,
    Updated On - February 9, 2026 / 10:10 PM IST

(परिवर्तित डेटलाइन से)

लाहौर , नौ फरवरी (भाषा) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने सोमवार को कहा कि भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच के बहिष्कार पर अंतिम फैसला अगले 24 घंटे में आ जायेगा । उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल के साथ आईसीसी से लगातार बातचीत की जा रही है ।

यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में नकवी ने कहा कि पीसीबी आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से कुछ मसलों पर जवाब का इंतजार कर रहा है । भारत के खिलाफ मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना है ।

नकवी ने पत्रकारों से कहा ,‘ हमने उनसे बात की है । मेरे लिये अभी कोई टिप्पणी करना सही नहीं होगा । हमें उनका जवाब मिल जाने के बाद हम फैसला करेंगे । हम आईसीसी का जवाब मिलने के बाद प्रधानमंत्री (शाहबाज शरीफ) के पास सलाह के लिये फिर जायेंगे ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ कल या परसों घोषणा की जा सकती है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ हम अपने मेहमानों का सम्मान करते हैं और आईसीसी हमारे घर आई है तो हमने उन्हें पूरा सम्मान दिया । इस समय मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकता क्योंकि आईसीसी और बांग्लादेश के बीच बातचीत जारी है । बांग्लादेश सही था तो हमें उसका साथ देना ही था ।’

सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार पर बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था ।

नकवी ने इन अटकलों को भी खारिज किया कि आईसीसी से कार्रवाई की चेतावनी मिलने के कारण पीसीबी दबाव में है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ आपको पता है कि हम इन धमकियों से डरने वालों में से नहीं है । सभी हमारे फील्ड मार्शल (असीम मुनीर) को जानते हैं । हम किसी प्रतिबंध से नहीं डरते ।’’

सूत्रों के अनुसार नकवी इस मुद्दे पर हालिया घटनाक्रम की जानकारी प्रधानमंत्री को देंगे और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अनुरोध के बाद उनसे बहिष्कार का फैसला वापिस लेने की गुजारिश करेंगे ।

भारत के खिलाफ मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है।

सूत्र ने कहा, “नकवी प्रधानमंत्री को बांग्लादेश, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) क्रिकेट बोर्ड तथा आईसीसी के साथ हुई अपनी बातचीत की जानकारी देंगे और उन्हें इस संकट से अवगत कराएंगे।”

सूत्र ने कहा कि ख्वाजा के साथ हुई बातचीत में नकवी ने कई मुद्दे उठाए। इसमें भारत पाक क्रिकेट की बहाली और बांग्लादेश समेत त्रिकोणीय श्रृंखला का आयोजन शामिल है ताकि विश्व कप से बाहर होने से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को हुए नुकसान की भरपाई हो सके ।

भारत . पाक द्विपक्षीय क्रिकेट आईसीसी के दायरे में नहीं है जबकि त्रिकोणीय श्रृंखला की मांग खारिज कर दी गई है । भारत ने एक दशक से अधिक समय से कोई त्रिकोणीय श्रृंखला नहीं खेली है । आईसीसी अगले अंडर 19 विश्व कप की मेजबानी बांग्लादेश को दे सकती है ।

सूत्र के मुताबिक, ‘‘नकवी ने ख्वाजा से सवाल किया कि अगर पाकिस्तान टीम ने एशिया कप ट्रॉफी किसी भारतीय बोर्ड अधिकारी से स्वीकार करने से इंकार कर दिया होता तो क्या आईसीसी ने चुप्पी साधी होती ।’’

यह ट्रॉफी फिलहाल दुबई स्थित एशियाई क्रिकेट परिषद मुख्यालय के एक बंद कमरे में है। नकवी ने स्पष्ट किया था कि वह मीडिया की मौजूदगी में ट्रॉफी सैंपेंगे।

भाषा

मोना

मोना

शीर्ष 5 समाचार