नई दिल्लीः Uproar in Lok Sabha बजट सत्र के 9वें दिन लोकसभा की कार्यवाही महज 13 मिनट में स्थगित हो गई। विपक्ष का आरोप है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया गया, जबकि सत्ता पक्ष इन आरोपों को सिरे से खारिज कर रहा है। इसी बीच विपक्ष स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर भी विचार कर रहा है।
मंगलवार को दोपहर 3 बजे जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, सदन में हंगामा शुरू हो गया, उस वक्त आसंदी पर बीजेपी सांसद संध्या राय बैठी थीं। विपक्ष की मांग थी कि बजट चर्चा से पहले राहुल गांधी को बोलने दिया जाए। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी स्पीकर पर दबाव का आरोप लगाया और कहा कि महिला सांसदों का अपमान किया गया है। राहुल गांधी के इस दावे पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि स्पीकर की ओर से ऐसा कोई आश्वासन नहीं दिया गया था।
Uproar in Lok Sabha आसंदी पर बैठीं संध्या राय ने भी साफ किया कि राहुल गांधी की ओर से किसी अन्य मुद्दे पर कोई नोटिस नहीं आया है। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इस बीच खबर है कि विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है। इसके लिए कम से कम 50 सांसदों का समर्थन और 14 दिन पहले लिखित नोटिस जरूरी होगा। वहीं, बीजेपी का कहना है कि विपक्ष के किसी भी प्रस्ताव से सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सवाल यही है कि क्या बजट जैसे अहम मुद्दे पर संसद में सार्थक बहस हो पाएगी, या फिर गतिरोध यूं ही जारी रहेगा।